- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- पारिवारिक विवाद शांत कराने गए...
Beed News: पारिवारिक विवाद शांत कराने गए पड़ोसी के पेट में चाकू घोंपा

Beed News केज तहसील के शिरूरघाट में कुएं की हिस्सेदारी को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सोमवार हिंसक हो गया। विवाद में मध्यस्थता करने पहुंचे पड़ोसी सुंदर धनराज सांगले के पेट में आरोपी ने चाकू घोंप दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में तीन अन्य लोग भी डंडों से मारपीट में घायल हुए हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस में इस मामले की शिकायत 31 मार्च को दर्ज कराई गई है।
यह भी पढ़े -धारुर घाट पर फिर भीषण सड़क हादसे में ट्रक-कार की टक्कर के बाद दोनों वाहन खाई जा में गिरे - 6 घायल
क्या है पूरा मामला? : जानकारी के अनुसार, शिरूरघाट निवासी राजेंद्र उर्फ राजाभाऊ सुभाष सांगले और उनके चचेरे चाचा भीमराव रामभाऊ सांगले के बीच खेत के कुएं की हिस्सेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को यह विवाद फिर से उग्र हो गया। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान आरोपी राजेंद्र सांगले ने भीमराव सांगले को गाली देते हुए उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए उनके बेटे मोहन सांगले और भाई अर्जुन सांगले बीच-बचाव के लिए आए, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी डंडों से पीट दिया।
इसी दौरान पड़ोसी सुंदर धनराज सांगले झगड़ा शांत कराने के लिए पहुंचे। इस पर आरोपी ने गुस्से में कहा, "तुम्हारा क्या संबंध है?" और कमर में रखा चाकू निकालकर सुंदर सांगले के पेट में वार कर दिया। हमले में सुंदर सांगले गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। घायलों को परिजनों ने तुरंत बीड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुंदर सांगले की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस मामले में बालाजी सांगले की शिकायत पर केज पुलिस थाने में आरोपी राजेंद्र सांगले के खिलाफ हत्या के प्रयास और गंभीर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Created On :   31 March 2026 7:17 PM IST













