- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मुख्य डाकघर, पासपोर्ट सेवा केंद्र...
Jabalpur News: मुख्य डाकघर, पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की धमकी से हड़कम्प

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मुख्य डाकघर और उसी इमारत के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल बुधवार की दोपहर को भेजा गया। मेल देखते ही अफरा-तफरी सहित हड़कम्प मच गया। पुलिस के अनुसार दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर मुख्य डाकघर कार्यालय अधीक्षक को एक ई-मेल मिला, जिसमें डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र-पीओपीएसके को विस्फोटक सामग्री से उड़ाने की धमकी थी।
मेल मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और इमारत में मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों व ग्राहकों को बाहर निकलवाया गया। वहीं मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने पूरी इमारत की जांच की। जांच में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने पर स्थिति सामान्य हुई।
मेल में लिखा था नक्सली आईएसआई, डीएमके जिंदाबाद
पुलिस के अनुसार मेल में लिखा था कि हम कोयम्बटूर के मुसलमान हैं, जिन्हें एक कड़वी सच्चाई का पता चला है। उदय निधि के चालक परिवार ने हमें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया, हमें बचाने के बहाने सजा दी। डीएमके का समर्थन करने वाले हमारे नेताओं को गिरफ्तार करवा दिया।
हमने इस बात को उजागर करने की कोशिश की, तो तमिलनाडु में हमें रोक दिया गया। कोयम्बटूर में नक्सलियों और पाकिस्तान सेल की मदद से हमारे पास सिर्फ 3 से 4 इमारतों को उड़ाने लायक ही संसाधन है और हमारा मकसद सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाना है। इसलिए इमारत में जो लोग हैं उन्हें हटा लिया जाए।
Created On :   26 March 2026 6:14 PM IST











