Jabalpur News: स्टेशन पर लगे नल पानी की जगह उगल रहे थे हवा, व्यवस्था न होने से बढ़ी परेशानी

स्टेशन पर लगे नल पानी की जगह उगल रहे थे हवा, व्यवस्था न होने से बढ़ी परेशानी
पानी को लेकर समस्या, प्लेटफाॅर्म पर ट्रेन आते ही पानी के लिए टूट पड़ी भीड़

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गर्मी की दस्तक के साथ ही अब सफर के दौरान यात्रियों को सबसे ज्यादा पानी की जरूरत होती है। ऐसे में भी जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के नल बुधवार को हवा उगल रहे थे। प्लेटफाॅर्म नंबर एक और पांच पर ट्रेन के आते ही यात्री इन नलों तक पहुंचे, तो पता चला कि इनमें पानी ही नहीं आ रहा है। पास ही लगे कुछ नलों में पानी आ रहा था लेकिन उसमें भी इतना फोर्स नहीं था कि बॉटल भरी जा सके। ट्रेन के आने पर यहां भी भीड़ लग जाती है और यात्री हलाकान होते हैं।

मुख्य रेलवे स्टेशन से कई ट्रेनों को बुधवार को भी बिना पानी के रवाना किया गया। मंगलवार को बाधित हुई रेलवे की पानी की सप्लाई दूसरे दिन भी उतनी नहीं सुधर पाई, जिसके कारण स्टेशन पर पानी को लेकर दिक्कत रही।

हालांकि मंगलवार की रात को ही बरगी बांध के 3 गेट खोल दिए गए थे, जिससे रेलवे को नर्मदा तट ललपुर से होने वाली पानी की सप्लाई सुचारु हो गई थी, लेकिन पर्याप्त स्टॉक न होने से पानी की कमी बनी रही।

हालांकि रेलवे के अधिकारी यह दावा करते रहे कि अब सब कुछ ठीक है और पर्याप्त पानी आ रहा है। वहीं नलों से पानी न आने के पीछे का कारण बताया गया कि कुछ जगह मेंटेनेंस कार्य हो सकता है, जिसके चलते पानी नहीं आ रहा हो। स्टेशन पर किसी तरह की दिक्कत नहीं है।

लापरवाही बरती जा रही

ट्रेनों में सफर करने वाले ज्यादातर यात्री मध्यम और गरीब परिवार के भी होते हैं। इन यात्रियों को स्टेशन पर जो खान-पान की सामग्री मिलती है और जैसी मिलती है वे खा लेते हैं। इसी तरह स्टेशन पर जो नल लगे रहते हैं, वहां जैसा भी पानी आता है वे उसे ही पी लेते हैं। रेलवे द्वारा लेकिन इसमें भी लापरवाही बरती जा रही है।

नल बंद होने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसके पीछे भी कारण यह हो सकता है कि जब पानी नहीं मिलेगा और ट्रेन छूटने का समय होगा, तो यात्री मजबूरी में पानी की बॉटल खरीदेंगे। रेलवे ने जो महंगे ठेके दे रखे हैं इससे उनकी कमाई होती रहेगी। यही कारण है कि आम समस्या की तरफ वे सोचते ही नहीं हैं।

Created On :   26 March 2026 5:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story