- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 5वीं-8वीं का परिणाम घोषित, डिंडोरी...
Jabalpur News: 5वीं-8वीं का परिणाम घोषित, डिंडोरी और नरसिंहपुर से भी पीछे रहा जबलपुर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कक्षा 5वीं और 8वीं का परीक्षा परिणाम बुधवार की सुबह जारी किया गया। दोनों ही कक्षाओं में 87 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी पास हुए। दूसरे जिलों के परिणामों पर नजर डाली जाए तो जबलपुर प्रदेश में कमजोर जिला साबित हुआ है और उसका नम्बर दमोह के आगे है। नरसिंहपुर केे दोनों ही कक्षाओं में 99 प्रतिशत बच्चे पास हुए, बल्कि डिंडोरी का प्रतिशत 98 रहा।
उनकी तुलना में हमारा जिला बहुत पीछे खड़ा दिख रहा है। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा बुधवार को परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। बच्चे और स्कूल प्रबंधन सुबह से ही इंतजार कर रहे थे लेकिन परिणाम जारी होने में दोपहर हो गई।
करीब 1 बजे पोर्टल पर परिणाम नजर आने लगे और इसके बाद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान भी छाने लगी। कई स्कूल प्रबंधन ने अच्छे परिणाम पर शिक्षकों को बधाई दी तो कुछ ने खराब परिणामों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।
परीक्षा के आंकड़े
8वीं कक्षा में कुल 31 हजार 6 परीक्षार्थियों के रजिस्ट्रेशन थे जिनमें से 29 हजार 219 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 25 हजार 446 पास हुए। इस प्रकार कुल 87.09 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इसमें 9 हजार 164 परीक्षार्थियों ने एए प्लस ग्रेड हासिल किया।
वहीं पांचवीं कक्षा की बात की जाए तो इसमें कुल 34 हजार 133 परीक्षार्थी दर्ज थे। इनमें से 33 हजार 225 ने परीक्षा दी और 29 हजार 167 पास हुए। इस प्रकार पांचवीं कक्षा का परिणाम 87.79 प्रतिशत रहा। इसमें करीब 8 हजार ने एए प्लस ग्रेड हासिल किया।
62 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे
जिले में कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षाओं के लिए 63 जन शिक्षा केंद्रों के अंतर्गत 315 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 2485 शासकीय और मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के साथ डाइस कोड प्राप्त मदरसों के विद्यार्थी भी शामिल थे।
कुल 62 हजार 444 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम में सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2024 में कक्षा पांचवीं का परिणाम 84 प्रतिशत और आठवीं का 79 प्रतिशत रहा था।
Created On :   26 March 2026 6:07 PM IST











