Jabalpur News: इमरती तालाब के पास सड़क पर ही लगने लगा बाजार, लोगों की आफत

इमरती तालाब के पास सड़क पर ही लगने लगा बाजार, लोगों की आफत
सड़कों पर ठेले-टपरों और फुटकर दुकानदारों का कब्जा, चलने के लिए नहीं बच रही जगह, बड़ी आबादी हो रही प्रभावित

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की कुछ सड़कें इन दिनों लोगों के आवागमन से ज्यादा फुटपाथी दुकानों और ठेला-टपरा लगाने वालों के काम आ रही हैं। ऐसे ही हालात इमरती तालाब के समीप भी बने हुए हैं। यहां शाम ढलते ही पूरी सड़क पर ठेले-टपरों और फुटकर दुकानदारों का कब्जा हो जाता है। इसके चलते सड़क पर बार-बार जाम के हालात बनते हैं।

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि इमरती तालाब के आसपास सड़क तक अघोषित मार्केट सजने लगा है, जिससे आसपास की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है। आलम यह है कि शाम के बाद देर रात तक सड़क के दोनों ओर लगने वाले अघोषित बाजार के कारण लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सब्जी की दुकानें लग जाने से यहां बाजार करने आने वाले लोग सड़क तक वाहनों को पार्क कर देते हैं, जिससे लोगों के लिए सड़क पर चलने की जगह तक नहीं बचती है। खास बात यह है कि नगर निगम के अधिकारी सबकुछ जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

यातायात का है दबाव

गढ़ा पंडा की मढ़िया से आनंद कुंज तिराहे तक सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में इस सड़क पर यातायात का दबाव बहुत अधिक है। सड़क के दोनों ओर बाजार लग जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

लोगों ने कहा- जल्द की जाए कार्रवाई

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि तालाब के आसपास ठेले-टपरे लगाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। फुटपाथी दुकानदारों और ठेलों-टपरों को हटाकर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट कराना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इमरती तालाब के आसपास सड़क पर अवैध कब्जा कर यातायात को अवरुद्ध करने वालों को जल्द हटाया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

मनीष तड़से, प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी, नगर निगम

Created On :   26 March 2026 5:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story