- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- एडवेंचर फन पार्क में लगी भीषण आग...
Jabalpur News: एडवेंचर फन पार्क में लगी भीषण आग शेड तोड़ा तब घुस पाई फायर ब्रिगेड

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी मानेगांव चूल्हा गोलाई के पास बुधवार शाम एक एडवेंचर पार्क में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से आसपास रहने वाले लोग और पार्क के कर्मचारी दहशत में आ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर ब्रिगेड को अग्नि हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मचारी दो दमकल वाहनों और तीन टैंकरों के साथ मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे आग को काबू में किया।
आग किन कारणों से लगी इसकी जांच की जा रही है। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि नागपुर रोड पर बरगी चूल्हा गोलाई के पास मानेगांव में मनोज गुप्ता का फनिंगो एडवेंचर पार्क है। यहां बच्चाें के लिए झूले व मंनोरजन के अन्य संसाधन थे। इसी फन पार्क के अंदर शेड में तकरीबन शाम 6.30 बजे अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और जम्पिंग झूलों समेत पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक देखी जा रही थीं। फायर ब्रिगेड कर्मचारी जब मौके पर पहुंचे ताे पार्क व पूरा शेड आग की लपटों से घिरा हुआ था। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की सहायता लेकर शेड को तोड़ा, जिसके बाद कर्मचारी शेड के भीतर प्रवेश कर पाए और आग को बुझाया गया। गौरीघाट रोड पोलीपाथर स्थित वैशाली परिसर में बुधवार सुबह 11.30 बजे एक घर में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को बुझाया।
शुक्र रहा कि बच्चे नहीं थे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पार्क के जिस शेड में आग लगी वहां बच्चों के जम्पिंग झूले और वीडियो गेम सहित अन्य झूले लगे थे। आग लगते ही बच्चों के जम्पिंग झूलों के गद्दे जलने लगे और उनमें लपटें उठने लगीं। धीरे-धीरे आग पूरी तरह फैल गई। गनीमत यह थी कि हादसे के समय परिसर में कोई बच्चा मौजूद नहीं था।
लगा ढाई घंटे से ज्यादा का वक्त
सहायक फायर अधीक्षक राजेन्द्र पटेल ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही नगर निगम मुख्यालय से दो फायर वाहनों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। इसके बाद पानी के 3 टैंकर भी मौके पर पहुंचाए गए। कुल पांच वाहनों की मदद से फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
Created On :   26 March 2026 6:19 PM IST











