Jabalpur News: एलपीजी के साथ अब पेट्रोल की सप्लाई भी लड़खड़ाई, एक दर्जन पंपों में नहीं मिला पेट्रोल

एलपीजी के साथ अब पेट्रोल की सप्लाई भी लड़खड़ाई, एक दर्जन पंपों में नहीं मिला पेट्रोल
पंपों पर सुबह से ही लग गईं कतारें, डिपो से समय पर सप्लाई नहीं मिल पाना बताई जा रही मुख्य वजह, घंटों परेशान रहे लोग

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में एलपीजी के बाद अब पेट्रोल के हालात भी बिगड़ने लगे हैं। इसकी झलक बुधवार सुबह से ही कुछ पेट्रोल पंपों पर दिखाई दी। दोपहर तक तो शहर के करीब एक दर्जन पंपों पेट्रोल नहीं मिल पाया। वहीं जो पेट्रोल पंप चालू थे तो उनमें बड़ी-बड़ी कतारें नजर आईं। लोग घंटों तक परेशान रहे। पेट्रोल की कमी की खबर लगते ही जिन पंपों पर पेट्रोल मिल रहा था, वहां लोगों ने डिब्बों तक में पेट्रोल भरवाना शुरू कर दिया। जिससे स्टॉक में तेजी से कमी आने लगी।

जानकारी लेने पर यह बात सामने आई कि डिपो से समय पर सप्लाई नहीं होने की वजह से ये हालात बने। पेट्राेल पंप संचालकों का कहना है कि अगर गुरुवार को पंपों पर डिपो से पेट्रोल की सप्लाई नहीं हुई, ताे आने वाले तीन दिन में शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर ताले लटक जाएंगे। इन तीन दिन में अवकाश होने के कारण बैंक बंद रहेंगे और पेमेंट न होने के कारण ऑयल कंपनियों से पेट्रोल की सप्लाई भी नहीं हो सकेगी। इस स्थिति में पेट्रोल के लिए हाहाकार मच सकता है।

स्टॉक खत्म होते ही पंप बंद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकांश पंपों पर पेट्राेल की दिक्कत सुबह से ही शुरू हो गई थी। जिन पंपाें पर बुधवार को पेट्राेल आना था, वहां डिपो से सप्लाई नहीं हो सकी। कुछ पेट्रोल पंप संचालकों का कहना था कि दोपहर तक वे लगातार ऑयल कंपनियों से संपर्क करते रहे, मगर उनके द्वारा डिलीवरी नहीं दी गई। इस दौरान पंपों पर जितना स्टॉक था उसे उपभोक्ताओं को दिया गया, मगर दाेपहर बाद स्टॉक समाप्त होने के कारण पंप बंद करने की नौबत आ गई।

तीन दिन रहेंगे बैंक बंद

पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि अधिकांश लोगों द्वारा ऑयल कंपनियों को पेमेंट का भुगतान कर दिया गया है। इसके बाद भी डिपो से पेट्रोल नहीं भेजा जा रहा है। अब शुक्रवार, शनिवार और रविवार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे। इस दौरान राशि का भुगतान भी नहीं हो सकेगा, जिससे पेट्राेल की सप्लाई पूरी तरह से बंद होने से पंपों पर भी ताले लटक जाएंगे।

जरूरत से अधिक ईंधन भरवाना भी किल्लत का कारण

वहीं दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि पेट्रोल की किल्लत की खबर फैलते ही लोगों में पेट्रेाल भरवाने की होड़ गई। लोग गाड़ियां फुल करवाने लगे। यहां तक कि कुछ लोगों को बड़े-बड़े डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाते देखा गया। आवश्यकता से अधिक पेट्रोल भरवाने की होड़ और स्टॉक करने के लिए डिब्बो में पेट्रोल लेने के कारण भी कई पंपों पर किल्लत शुरू हो गई है।

ये पंपों नहीं पेट्रोल

समय पर ऑयल कंपनियों द्वारा पेट्रोल की सप्लाई नहीं दिए जाने और स्टॉक समाप्त होने के कारण बुधवार को दोपहर बाद तैयब सुलेमान जी, एकांश फ्यूल स्टेशन, कोश्तो पेट्रोल पंप, पाल पेट्रोलियम, बालाजी पेट्रोलियम, विजय फिलिंग स्टेशन, सुंदरदास ज्ञानचंद, अनिल ट्रांसपोर्ट, नायरा पाटन, ओम पेट्रोलियम, हाईवे मोटर्स और शंकारा मोटर्स में पेट्रोल नहीं मिला।


रसोई गैस: डिमांड दो से तीन गुना बढ़ी, मगर आपूर्ति मात्र एक तिहाई

एलपीजी की सप्लाई में भी सुधार नहीं होने के कारण बुधवार को एजेंसियों में सिलेंडर लेेने वालों की भीड़ लगी रही। हालात ये हैं कि अगर शहरी क्षेत्र की बात करें तो घरेलू सिलेंडरों की प्रतिदिन की डिमांड दोगुनी बढ़ गई है और ऑयल कंपनियों द्वारा मात्र एक तिहाई ही पूर्ति की जा रही है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऑयल कपंनियों ने सिलेंडरों की सप्लाई में भी कटौती कर दी है।

अब पिछले साल की डिमांड के हिसाब से सप्लाई दी जा रही है। जबकि इस एक साल में हर एजेंसी के पास कंजूमर संख्या दोगुनी हो गई है। ऑयल कंपनियों का मानना है कि वर्ष 2025 में इस माह में जितनी डिमांड थी, उसी हिसाब से सिलेंडर दिए जाएंगे। वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि पिछले साल जहां एक एजेंसी के पास उपभोक्ता संख्या साढ़े तीन सौ से चार सौ थी, अब यह संख्या बढ़कर 12 से 14 सौ तक पहुंच गई है। ऐसे में अगर चार सौ सिलेंडरों की सप्लाई दी जाएगी, तो सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलना मुश्किल हो जाएगा।

समस्या को लेकर कलेक्टर से मिला पेट्रोल डीजल डीलर एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल

पेट्रोल और डीजल की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए बुधवार की शाम जबलपुर पेट्रोल-डीजल डीलर वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से मिला। इस दाैरान एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मेहता, सचिव असगर अली सहित अन्य पदाधिकारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि ऑयल कंपनियों द्वारा समय पर सप्लाई नहीं दिए जाने के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।

ईंधन आपूर्ति को अनावश्यक रूप से सीमित किया जा रहा है। डिपो का संचालन भी सीमित समय के लिए होने से टैंकर भी नहीं भरे जा रहे, जिससे पंपों तक पेट्रोल नहीं पहुंच पा रहा है। चर्चा में यह भी बताया गया कि आने वाले तीन दिन अवकाश के रहेंगे। अगर समय पर पेट्रोल की सप्लाई नहीं दी गई, तो जिले भर के कई पेट्रोल पंप में बुधवार को लोगों काे पेट्रोल नहीं मिला।

Created On :   26 March 2026 5:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story