झारखंडः गढ़वा के हड़वडिया डैम में डूबने से दो नाबालिगों की मौत

झारखंडः गढ़वा के हड़वडिया डैम में डूबने से दो नाबालिगों की मौत
झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोवरदाहा गांव स्थित हड़वडिया डैम में डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में बुआ-भतीजे थे। गुरुवार को हुए इस हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

गढ़वा, 7 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोवरदाहा गांव स्थित हड़वडिया डैम में डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में बुआ-भतीजे थे। गुरुवार को हुए इस हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोवरदाहा गांव निवासी अजीमुद्दीन खान की 13 वर्षीय पुत्री जैनाब खातून अचानक डैम के गहरे पानी में डूबने लगी। यह देख पास ही मौजूद उसका 16 वर्षीय भतीजा सोहेल खान उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि, पानी की गहराई अधिक होने और तेज बहाव के कारण दोनों ही डैम के गहरे पानी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की गई। मामले की जानकारी पाकर मेराल अंचल अधिकारी (सीओ) यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णुकांत भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम और स्थानीय मुखिया प्रतिमा देवी घटनास्थल पर पहुंचे।

पूर्व मंत्री ने शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। मुखिया प्रतिमा देवी ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 May 2026 7:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story