झारखंडः हजारीबाग में 1.55 किलो अफीम और सात लाख रुपए नकद बरामद, तीन गिरफ्तार
हजारीबाग, 22 जून (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.550 किलोग्राम अफीम, सात लाख रुपये नकद, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरही क्षेत्र से कुछ तस्कर चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद चौपारण थाना क्षेत्र के लोहारबरवा के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
बरही की ओर से आ रही एक सफेद बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुना राम और रामलाल के रूप में हुई है। वाहन की तलाशी लेने पर बीच वाली सीट के नीचे प्लास्टिक में पैक सात लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे चौपारण थाना क्षेत्र के अहरी गांव में अफीम खरीदने जा रहे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अहरी गांव में छापेमारी की। इस दौरान राहुल कुमार खेवार के घर से अलग-अलग पैकेटों में रखी 1.550 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने राहुल कुमार खेवार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान एक अन्य आरोपी अरविंद कुमार पुलिस को देखकर फरार हो गया। हालांकि उसकी अपाची मोटरसाइकिल पुलिस ने जब्त कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चौपारण थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2026 6:23 PM IST












