- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कपिलनगर में 446 ग्राम डोडा पाउडर के...
कार्रवाई: कपिलनगर में 446 ग्राम डोडा पाउडर के साथ आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच यूनिट-6 की छापेमारी, 76 हजार का माल जब्त

Nagpur News. कपिलनगर थानांतर्गत अपराध शाखा की यूनिट-6 ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को डोडा पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 446 ग्राम डोडा पाउडर सहित करीब 76,990 रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध शाखा यूनिट-6 की टीम, कपिलनगर थाना क्षेत्र में नशा विरोधी सप्ताह अभियान के तहत गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि शीतलामाता हार्डवेयर के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परमजीत सिंह हरबंस सिंह सासन (58) निवासी दीपक नगर, कपिलनगर बताया। एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास रखी प्लास्टिक की थैली से 446 ग्राम डोडा पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डोडा पाउडर, एक मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मादक पदार्थ कालिया नामक व्यक्ति से खरीदा था, जो टिपू सुल्तान चौक क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से डोडा पाउडर अपने पास रखे हुए था। कपिलनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 15(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी कालिया की तलाश जारी है। कार्रवाई एनडीपीएस दस्ते के पुलिस निरीक्षक भरत कर्हाडे तथा उनकी टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की।
Created On :   21 Jun 2026 6:51 PM IST














