- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महाराष्ट्र में सुपारी से भरे 55...
Nagpur News: महाराष्ट्र में सुपारी से भरे 55 ट्रक रोके गए ,एफडीए ने की कार्रवाई

Nagpur News महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) विभाग ने जांच के नाम पर पिछले एक सप्ताह से विभिन्न सुपारी सहकारी संस्थाओं और निजी व्यापारियों की सुपारी से लदे 55 से अधिक ट्रकों को रोक रखा है। नागपुर आ रहे सुपारी से लदे 55 ट्रैकों को यवतमाल जिले में पकड़े जाने की खबर है।
जानकारी के अनुसार, इन ट्रकों से सुपारी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि सुपारी मानव उपभोग के लिए सुरक्षित है या नहीं तथा उसमें किसी प्रकार का कृत्रिम रंग (डाई) मिलाया गया है या नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, यदि जांच में सुपारी उपभोग के लिए असुरक्षित पाई जाती है तो पूरा माल मौके पर ही नष्ट कर दिया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। वहीं, यदि सुपारी सुरक्षित तो पाई जाती है लेकिन उसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम होती है, तो संबंधित व्यापारियों पर जुर्माना लगाया जाएगा और दीवानी कार्रवाई भी की जाएगी।
11 जून से महाराष्ट्र के सोलापुर, औरंगाबाद, बीड और नांदेड़ जिलों के राजमार्गों पर कर्नाटक के विभिन्न क्षेत्रों से आए 55 से अधिक ट्रकों को रोका गया है। इनमें शिवमोग्गा की मालनाड अरेका मार्केटिंग को-ऑपरेटिव सोसाइटी (MAMCOS), मंगलुरु की CAMPCO तथा हासन की हासन अरेका नट ग्रोवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी के ट्रक भी शामिल हैं।
MAMCOS के दो ट्रक सोलापुर में रोके गए हैं। संस्था के प्रबंध निदेशक श्रीकांत बरुआ ने बताया कि उन्होंने वहां के सहायक आयुक्त से मुलाकात कर ट्रकों को छोड़ने का अनुरोध किया है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
शिवमोग्गा के एक ट्रक चालक ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने में 14 दिन लग सकते हैं। यदि रिपोर्ट में और देरी हुई तो अधिकारियों ने उन्हें अतिरिक्त 14 दिन तक वहीं रुकने के लिए कहा है। इससे व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़े -राजनाथ ने कहा - अब युद्ध का दौर बदलेगा, हथियारों की जरूरत नहीं, एल्युमिनियम प्रेस का भूमिपूजन
Created On :   20 Jun 2026 6:46 PM IST













