समीक्षा बैठक: एमएसयू की समीक्षा बैठक - इबोला समेत बरसाती बीमारियों के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश

एमएसयू की समीक्षा बैठक - इबोला समेत बरसाती बीमारियों के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश
  • मेट्रोपोलिटन सर्विलांस यूनिट की कार्यकारी समिति की बैठक में इबोला और बरसाती बीमारियों पर विशेष निगरानी
  • एमएसयू की समीक्षा बैठक

Nagpur News. महानगरपालिका के स्वास्थ्य (मेट्रोपोलिटन सर्विलांस यूनिट) कार्यकारी समिति की बैठक मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अंकीत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अप्रैल से जून तक तीन माह की समयावधि में जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर उपाययोजना और महत्त्वपूर्ण अभियानों की सविस्तर समीक्षा की गई। बैठक में विशेष रूप से उष्माघात से संबंधित बीमारियों का निरीक्षण व व्यवस्थापन, मलेरिया व डेंगू नियंत्रण उपाययोजना, संक्रमण रोग के प्रादुर्भाव की जांच, संभावित इबोला प्रसार को लेकर उपाययोजना, अन्न सुरक्षा अभियान, विश्व पर्यावरण दिन पर विशेष स्वच्छता अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई।

इबोला और बरसाती बीमारियों पर विशेष निगरानी

इबोला के संभावित संक्रमण को रोकने के लिए उपाययोजना पर चर्चा की गई। आईएचआईपी पोर्टल से प्राप्त यात्रियों की सूची को प्रतिदिन निरीक्षण और जांच करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही एनसीडीसी दिल्ली के निर्देशाें के अनुसार फोकस ग्रुप चर्चां (एफजीडी) को तैयार करने और आंतरविभागीय डेंगू नियंत्रण उपाययोजना तैयार करने के साथ ही मानसून के दौरान संक्रामक बीमारियों की रोकथाम की कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की गई। मच्छरों के संक्रमण, लार्वा संक्रमण वाले ब्लैक स्पाट समेत अन्य जानकारी को मनपा के स्वास्थ्य विभाग और मलेरिया विभाग से साझा कर संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में मनपा के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर, अतिरिक्त स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र बहिरवार, एमएसयू के वरिष्ठ सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र वानखेडे, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ मिथुन खेरडे, अतिरिक्त सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. शुशांकी कापसे, सूक्ष्मजीवशास्त्र विशेषज्ञ डॉ. संदीप भोयर,प्रशासकीय अधिकारी डॉ. सोनल संघी, वित्त अधिकारी धर्मदास पाली समेत एनसीडीसी के सहायक निर्देशक डॉ. अवंती गोखले, सहायक निदेशक (सूक्ष्मजीवविज्ञान), डॉ. प्रणबिका सिंह, सहायक निदेशक (कीटविज्ञान) आतीरा देव अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Created On :   19 Jun 2026 7:34 PM IST

Tags

Next Story