Nagpur News: ऑपरेशन टाइगर: विकास की चाह में बढ़ रही नाराजगी, महायुति का विधान परिषद में बड़ा विजय का दावा

ऑपरेशन टाइगर: विकास की चाह में बढ़ रही नाराजगी, महायुति का विधान परिषद में बड़ा विजय का दावा
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा- महाविकास आघाड़ी को बढ़त संभव नहीं

Nagpur News महाराष्ट्र की विधान परिषद की 17 सीटों में से 6 सीटें निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं, जबकि शेष 11 सीटों पर महायुति को बड़ी जीत मिलने का भरोसा है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा किया कि महायुति के पास पर्याप्त संख्याबल है और महाविकास आघाड़ी को इन चुनावों में बढ़त हासिल करना संभव नहीं होगा। वहीं, शिवसेना में चल रहे कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर उन्होंने कहा कि इसके पीछे किसी राजनीतिक साजिश से ज्यादा विकास की भावना और जनप्रतिनिधियों की नाराजगी जिम्मेदार है। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बावनकुले ने कहा कि विदर्भ क्षेत्र में महायुति को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि नागपुर में कांग्रेस को केवल 20 प्रतिशत वोट मिलेंगे, जबकि भंडारा में कांग्रेस का उम्मीदवार ही मैदान में नहीं है। ऐसे में विदर्भ में महायुति की स्थिति बेहद मजबूत है।

‘ऑपरेशन टाइगर’ के पीछे विकास की भावना : शिवसेना उद्धव में बढ़ती असंतुष्टि पर बावनकुले ने कहा कि कई सांसद और विधायक अपने क्षेत्रों के विकास के लिए सत्ता में भागीदारी को जरूरी मानते हैं। नेतृत्व के साथ संवाद की कमी और अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शिवसेना नेतृत्व को इस स्थिति पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

संजय राउत के आरोपों पर पलटवार : संजय राउत द्वारा विधायकों और सांसदों पर पैसे लेकर दल-बदल करने के आरोपों को बावनकुले ने अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के जनप्रतिनिधियों की निष्ठा पर सवाल उठाना गलत है केवल धन के आधार पर कोई नेता पक्ष नहीं बदलता। उन्होंने उद्धव ठाकरे को शेष विधायकों और सांसदों को साथ रखने पर ध्यान देने की सलाह दी।

उद्धव-आदित्य को आत्ममंथन की सलाह : बावनकुले ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे को पार्टी के भीतर असंतोष के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के दो बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी पार्टी छोड़ दें तो संगठन आत्ममंथन करता है, ऐसे में शिवसेना नेतृत्व को भी आत्मपरीक्षण करना चाहिए।

महिला आरक्षण पर कांग्रेस को घेरा : महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे पर बावनकुले ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई सांसद पार्टी की नीति से असंतुष्ट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की प्रक्रिया में कांग्रेस ने बाधाएं खड़ी की हैं।

भाजपा में ‘इनकमिंग’ नहीं : भाजपा में अन्य दलों के नेताओं को शामिल करने के प्रयासों से इनकार करते हुए बावनकुले ने कहा कि पार्टी के पास पर्याप्त कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। इसलिए किसी विधायक या सांसद को पार्टी में लाने के लिए कोई विशेष अभियान नहीं चलाया जा रहा है।

इथेनॉल पर अफवाह फैलाने का आरोप : इथेनॉल नीति का समर्थन करते हुए बावनकुले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पहल से यह नीति लागू की गई है। इससे देश का बड़ा विदेशी मुद्रा खर्च बचेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लॉबियां जनता में भ्रम फैलाने के लिए इथेनॉल को लेकर अफवाहें फैला रही हैं।


Created On :   19 Jun 2026 3:46 PM IST

Tags

Next Story