- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- यवतमाल
- /
- दो दुपहिया वाहनों की भिड़ंत, हादसे...
दर्दनाक: दो दुपहिया वाहनों की भिड़ंत, हादसे में एक की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

Arni News. यवतमाल के आर्णी में नागपुर-तुलजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोणबेहल पुल के समीप बुधवार रात करीब 9 बजे दो दुपहिया वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में निचपुर (ता. किनवट) निवासी उमेश गणपत लाकडे (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार रवि गोविंदराव तोडसाम (30) निवासी देऊरवाड़ी (बुटले) तथा प्रेम भारती (22) निवासी सुकली गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद तीनों को आर्णी ग्रामीण अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उमेश लाकडे को मृत घोषित कर दिया। रवि तोडसाम की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले यवतमाल रेफर किया गया, जहां से बाद में नागपुर भेजा गया। वहीं प्रेम भारती का उपचार यवतमाल में जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उमेश लाकडे बुधवार दोपहर अपनी बाइक (एमएच-26 एबी-8772) से सावंगा (ता. दिग्रस) में एक पारिवारिक नामकरण समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे रात में अपने गांव निचपुर लौट रहे थे। इसी दौरान लोणबेहळ उड़ान पुल पर सामने से आ रही एक एवेंजर बाइक (एमएच-12 जीयू-8841) से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जाता है कि एवेंजर बाइक पर रवि तोडसाम और प्रेम भारती सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उमेश लाकडे के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आर्णी पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक नरेंद्र देशमुख, जमादार योगेश संकूलवार, मंगेश जगताप तथा रुद्राक्ष राठोड़ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त दुपहिया वाहनों को जब्त कर थाने में जमा किया तथा पंचनामा किया।
मृतक उमेश लाकडे के भाई लक्ष्मण लाकडे की शिकायत पर आर्णी पुलिस ने रवि गोविंदराव तोडसाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उमेश लाकडे अपने पीछे पत्नी, माता, दो पुत्र और दो भाइयों का परिवार छोड़ गए हैं।
Created On :   18 Jun 2026 7:32 PM IST














