- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Yavatmal
- /
- 10 लाख के निवेश पर प्रतिमाह 45 हजार...
Yavatmal News: 10 लाख के निवेश पर प्रतिमाह 45 हजार रुपए ब्याज देने का झांसा देकर 3.83 करोड़ की ठगी

Yavtmal News निवेश पर ज्यादा मासिक ब्याज देने का प्रलोभन देकर कई लोगों को ठगी का शिकार बनाकर 3 करोड़ 83 लाख 50 हजार रुपए की चपत लगाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित निवेशकों ने अवधुतवाड़ी थाने में शिकायत दी है। जिसमें भुअंकुर एग्रो प्रा. लि., पुणे की यवतमाल शाखा व्दारा दर्जनों निवेशकों के करोड़ों रुपए ठगने का आरोप लगाया गया है।
यह भी पढ़े -यवतमाल में 700 विद्यार्थियों के लिए बनेगा 5 एकड़ जमीन पर स्कूल, दबाव में है राज्य का मत्स्य व्यवसाय, झींगा निर्यात प्रभावित
उक्त शिकायत पर से इस मामले में अवधुतवाडी पुलिस थाने में शुक्रवार 3 अप्रैल की शाम को पुणे और औरंगाबाद के कुल 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में पुणे के आंबेगाव निवासी अरविंद चौधरी, रवींद्र कनाजे, न्हावरा शिरुर निवासी दीपक घनवत और औरंगाबाद के माढा कॉलोनी निवासी पद्माकर गोलाईत, यवतमाल निवासी संदीप घोसे और एक महिला शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घटना की शिकायत विदर्भ हाउसिंग सोसाइटी,गोधणी रोड,यवतमाल निवासी नीलेश लक्ष्मणराव रापर्तीवार(38) ने अवधुतवाड़ी थाने में दी। शिकायत अनुसार उक्त कंपनी ने 10 लाख रुपये के निवेश पर प्रतिमाह 45 हजार रुपये ब्याज देने का लालच देकर लोगों को आकर्षित किया था। इसी झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच संदीप घोसे नामक युवक के माध्यम से कुल 11 लाख रुपये उक्त कंपनी में निवेश किए थे। उक्त कंपनी का कार्यालय शहर के मांईदे चौक स्थित एक मकान की ऊपरी मंजिल पर था। इसके साथ ही शहर और अासपास के कुल 49 लोगों ने कुल 3 करोड़ 83 लाख 50 रुपये निवेश किया था। शुरुआत में कई निवेशकों को कुछ समय तक भुगतान(पेअाउट) किया गया। जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा, लेकिन बाद में अचानक भुगतान बंद हो गया। इस दौरान एक व्यक्ति व्दारा व्हाट्स एप पर यह कंपनी फ्रॉड होने का संदेश फैलाया गया। जब इस बारे में पूछताछ करने पर यह अफवाह होने की बात कही गई। वहीं कंपनी के संचालक अरविंद चौधरी से मोबाइल से संपर्क करने पर उन्होंने तकनीकी समस्या का हवाला देकर जल्द भुगतान शुरू करने का आश्वासन दिया।
कुछ निवेशक पुणे में स्थित कंपनी कार्यालय पहंुचे वहां संचालकों ने संपत्ति बेचकर दीपावली तक पैसे लौटाने का आश्वासन दिया। यहां तक कि भरोसा दिलाने के लिए पासपोर्ट तक निवेशकों के पास रखवा दिया गया। इसके बावजूद निवेशकों को रुपये नहीं मिले, ना ही कोई ठोस जवाब मिला। जिससे आखिरकार अवधुतवाड़ी थाने में शिकायत दी गई। शिकायत पर से अवधुतवाड़ी पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ भान्यासं की धारा 316(2),(5), 318(4), 61(2), 3(5) और भान्यासं की सहधारा 3 एमपीडीआई एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच अवधुतवाड़ी थानेदार के मार्गदर्शन में चल रही है।
कुल 49 निवेशक हुए शिकार : ज्यादा ब्याज मिलने के लालच में आकर शहर के कई लोगों ने उक्त कंपनी में लाखो रुपये निवेश किए। निवेश के शुरुआत में लाभ मिलता देख निवेशकों की संख्या देखते ही देखते बढ़ने लगी। अवधुतवाड़ी थाने में दी शिकायत में निवेशकों की संख्या फिलहाल 49 बताई गई है। लेकिन निवेश करने के बाद लाभ और मूल राशि न मिलने से निवेशकों ने कंपनी से बार-बार संपर्क किया, लेकिन कोई भी प्रतिसाद नहीं मिला। जिससे उनमें चिंता का माहौल बढ़ने लगा। आखिरकार 3 अप्रैल को अवधुतवाड़ी थाने में शिकायत दी गई। जिसमंे 49 निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने का आरोप लगाया गया है।
Created On :   4 April 2026 8:14 PM IST














