New Delhi News: काली दौलत में जल्द उपलब्ध होगी बैंकिंग सुविधा, संजय देशमुख की मांग पर वित्त मंत्री ने किया आश्वस्त

काली दौलत में जल्द उपलब्ध होगी बैंकिंग सुविधा, संजय देशमुख की मांग पर वित्त मंत्री ने किया आश्वस्त
  • संजय देशमुख की मांग पर वित्त मंत्री ने किया आश्वस्त
  • काली दौलत में जल्द उपलब्ध होगी बैंकिंग सुविधा
  • यंत्र इंडिया लिमिटेड को 'मिनीरत्न' कैटेगरी-I का दर्जा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी मंजूरी

New Delhi News. यवतमाल जिले के महागांव तहसील स्थित काली दौलत में बैंकिंग सुविधा जल्द उपलब्ध होगी। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय देशमुख को आश्वस्त किया है कि वह जल्द काली दौलत में नई बैंक शाखा स्वीकृत करने अथवा साई इजारा की बैंक शाखा को वहां स्थानांतरित करने के संबंध में सकारात्मक निर्णय लेंगी। देशमुख ने बुधवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर काली दौलत गांव में बैंक शाखा खोलने की मांग की। उन्होंने काली दौलत गांव का महत्व रेखांकित करते हुए बताया कि इस गांव की जनसंख्या 2000 से अधिक है तथा इसके साथ 15 से 20 छोटे-बड़े गांव सीधे जुड़े हुए हैं। यह क्षेत्र कृषि, व्यापार, शासकीय योजनाओं एवं दैनिक आर्थिक लेन-देन का प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद काली दौलत में अब तक कोई भी राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा उपलब्ध नहीं है, जिससे नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिवसेना (उद्धव) सांसद ने वित्तमंत्री को बताया कि इस क्षेत्र के नागरिकों को साई इजारा, तहसील महागांव स्थित बैंक शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है, जबकि साई इजारा गांव जनसंख्या और बाजारपेठ की दृष्टि से काली दौलत से छोटा है। इसलिए साई इजारा स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा को काली दौलत में स्थानांतरित किया जाए अथवा काली नई बैंक शाखा को विशेष प्रकरण के रूप में स्वीकृति दी जाए।

यंत्र इंडिया लिमिटेड को 'मिनीरत्न' कैटेगरी-I का दर्जा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी मंजूरी

यंत्र इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल) को 'मिनीरत्न' कैटेगरी-I का दर्जा मिलेगा। रक्षा मंत्री ने इसकी मंजूरी दे दी है। साथ ही रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (डीपीएसयू) को लगभग चार साल के कम समय में एक सरकारी संगठन से लाभ कमाने वाली कॉर्पोरेट इकाई में बदलने के लिए बधाई दी। उन्होंने कंपनी का टर्नओवर बढ़ाने, स्वदेशीकरण को ज़्यादा से ज़्यादा करने और मिनीरत्न (कैटेगरी-I) का दर्जा पाने के लिए अन्य परफॉर्मेंस पैरामीटर को पूरा करने के लिए वाईआईएल के प्रबंधन द्वारा की गई पहलों पर संतोष व्यक्त किया। वाईआईएल ने अपनी शुरुआत के बाद से कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल किए हैं, जिसमें 2021-22 (एच2) में 956.32 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3,108.79 करोड़ रुपये की बिक्री में शानदार वृद्धि शामिल है। निर्यात के मोर्चे पर, इसने वित्तीय वर्ष 2021-22 (एच2) में शून्य से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2024-25 में 321.77 करोड़ रुपये की वृद्धि हासिल की है। वाईआईएल के प्रमुख उत्पादों में कार्बन फाइबर कंपोजिट, मध्यम और बड़े कैलिबर गोला-बारूद के लिए असेंबली उत्पाद, बख्तरबंद वाहनों के लिए असेंबली उत्पाद, तोपखाने और मुख्य युद्धक टैंक के लिए असेंबली उत्पाद, ग्लास कंपोजिट, एल्यूमीनियम मिश्र धातु आदि शामिल हैं।

Created On :   4 Feb 2026 7:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story