Yavatmal News: गुजरात से जुड़े कोयला घोटाले के तार! मेसर्स कृष्णा इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. पर मामला दर्ज

गुजरात से जुड़े कोयला घोटाले के तार! मेसर्स कृष्णा इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. पर मामला दर्ज
दोनों चालकों के खिलाफ मामला दर्ज

Yavatmal News महाजेनको को मिलावटी व घटिया दर्जे की कोयला आपूर्ति मामले में वणी थाने में वेकोलि ने गुजरात के जामनगर स्थित मेसर्स कृष्णा इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. तथा मिलावटी कोयले का परिवहन करने वाले दोनों ट्रक चालकों के खिलाफ वणी थाने में शिकायत दर्ज करवायी है। हालांकि वणी पुलिस के शिकायत दर्ज करने में अपनाए गए टालमटोल रवैये से पुलिस की भूमिका संदेह के दायरे में आ गई है। दोनों चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 (3), 318 (2), 3 (5) में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच एपीआई कपिल पाटील कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार उकनी कोयला खदान से वणी रेलवे साइडिंग तक कोयला परिवहन का ठेका निजी कंपनियों को दिया गया है। इसी क्रम में कृष्णा ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक क्रमांक CG 11 BM 9033 तथा CG 15 EH 3274 में उच्च दर्जे का कोयला लोड कर रेलवे साइडिंग के लिए रवाना किया गया था जो सीधे रेलवे साइडिंग तक पहुंचाने के बजाय लाल पुलिया क्षेत्र के रामदेव मंदिर के पास स्थित दास कोल डिपो पर पहुंचा और वहां उच्च दर्जे का कोयला खाली कर ट्रक में ब्लैक डस्ट भरकर रेल्वे साइडिंग के लिए लेकर निकला।

ट्रकों के निर्धारित समय से अलग समय पर नहीं पहुंचने पर साइडिंग प्रबंधन को संदेह हुआ और साइडिंग मैनेजर ने ट्रकों की जांच करवायी तो मिट्‌टी और गिट्टी मिश्रित घटिया स्तर के कोयले के साथ ही निर्धारित मात्रा से कम मात्रा में कोयला मिलने की बात सामने आई। वेकोलि प्रबंधन की सतर्कता से कोल डिपो और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क की मिलीभगत से चल रहे इस महाघोटाले का पर्दाफाश होने के बाद कृष्णा रूप कंस्ट्रक्शन की भूमिका संदेह के दायरे में आ गई है। जिन ट्रक क्रमांक CG 11 BM 9033 तथा CG 15 EH 3274 से यह हेराफेरी हुई है, वह इसी कंपनी के बताए जाते हैं। रेलवे साइडिंग प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों द्वारा किए गए पंचनामे में निर्धारित मात्रा से कम और निम्न दर्जे का कोयले के मिलावट की पुष्टि हो चुकी है।

धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है : हमने बुधवार 25 फरवरी को ही वेकोलि प्रबंधन की शिकायत पर संबंधितों के खिलाफ धारा 420 तथा 407 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वेकोलि का यह आरोप बेबुनियाद है कि हम अपराध दर्ज करने में टालमटोल कर रहे थे। हमारा तो काम ही है शिकायत दर्ज कर जांच करना। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। - गोपाल उंबरकर, थानेदार, वणी थाना, यवतमाल


Created On :   27 Feb 2026 4:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story