झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का की मौत के मामले में आरोपी पति ने अदालत में किया सरेंडर

झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का की मौत के मामले में आरोपी पति ने अदालत में किया सरेंडर
झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुख्य आरोपी पति कुशाग्र रुद्र राणा ने गुरुवार को हजारीबाग के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अब आरोपी को अपनी हिरासत (रिमांड) में लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है।

हजारीबाग, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुख्य आरोपी पति कुशाग्र रुद्र राणा ने गुरुवार को हजारीबाग के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अब आरोपी को अपनी हिरासत (रिमांड) में लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपेश कुमार सिंह ने आरोपी के कोर्ट में सरेंडर करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब उससे पूछताछ के लिए अदालत में रिमांड का आवेदन दाखिल करेगी। गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस ने झारखंड समेत तीन अलग-अलग राज्यों में अपनी टीमें भेजी थीं। इसके अलावा उसके पासपोर्ट और हथियार के लाइसेंस को रद्द कराने के साथ-साथ उसके बैंक खातों को भी सीज करने की कार्रवाई की जा रही थी।

बीते 22 अक्टूबर को हजारीबाग के गुप्ता कॉम्प्लेक्स स्थित फ्लैट नंबर 304 के भीतर अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव संदेहास्पद स्थिति में फंदे से लटका हुआ मिला था। मृतका झारखंड हाईकोर्ट में वकालत करती थीं। उनकी असमय और रहस्यमय मौत के बाद परिजनों ने पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ना व हत्या के गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।

इस घटना के बाद ही अनुष्का का पति और उसके घर के लोग फरार थे। इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की है, जिसपर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पूरे मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी का निर्देश दिया था। इस बीच, आत्मसमर्पण से ठीक पहले आरोपी पति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उसने अपनी पत्नी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए सनसनीखेज आरोप मढ़े हैं।

कुशाग्र रुद्र राणा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसने दावा किया है कि अनुष्का के पिता उसके कारोबार में लगातार अनुचित दखलअंदाजी करते थे और उसे अपनी कंपनी में निदेशक बनाने के लिए लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से उस पर आर्थिक दबाव डाला गया तथा उससे पैसे और कीमती सामान ऐंठे गए।

आरोपी पति ने वीडियो में रामगढ़ की विधायक ममता देवी के प्रतिनिधि मनोज महतो का भी जिक्र किया है। उसने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित सेटिंग के नाम पर कंपनी के बैंक खाते से सात लाख रुपये और नकद 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके साथ ही उसने यह भी दावा किया कि रांची में रहने के दौरान अनुष्का की एक अन्य महिला अधिवक्ता से नजदीकियों को लेकर उनके बीच विवाद रहता था।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story