झारखंडः जामताड़ा में नदी किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
जामताड़ा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को नदी किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के पाबिया से काशीटांड़ जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित एक पुल के समीप की है।
गुरुवार को स्थानीय ग्रामीणों की नजर नदी किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान पाबिया पंचायत के पतियोरडीह गांव निवासी करीब 35 वर्षीय अशोक रवानी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को नदी किनारे फेंका गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है और न ही किसी संभावना से इनकार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव घटनास्थल तक कैसे पहुंचा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 2:18 PM IST












