संजय राउत ने सीएम फडणवीस से 'रामरक्षा' कार्यक्रम में आने का किया आग्रह
मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 19 जुलाई को नागपुर में आयोजित होने वाले 'रामरक्षा' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
संजय राउत ने इस संबंध में उन्हें एक पत्र भी लिखा है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस, 'रामरक्षा' कार्यक्रम में शामिल होने जरूर आइए। हम सभी आपके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य ने पत्र में मुख्यमंत्री फडणवीस को प्रखर राष्ट्रभक्त और कट्टर हिंदुत्ववादी बताते हुए लिखा कि उन्होंने कई बार सार्वजनिक रूप से यह कहा है कि वे भी अयोध्या राम जन्मभूमि आंदोलन का हिस्सा रहे हैं।
संजय राउत ने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की तरह देवेंद्र फडणवीस की भी यह इच्छा थी कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बने और अब वह सपना साकार हो चुका है।
पत्र में संजय राउत ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग राम मंदिर को लेकर झूठा और भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। ऐसे प्रचार से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शिवसेना (यूबीटी) की ओर से 'रामरक्षा' अभियान शुरू किया गया है।
संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया है कि वे 19 जुलाई, शनिवार को शाम 4:30 बजे नागपुर के रामनगर स्थित राम मंदिर में आयोजित 'रामरक्षा' कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हों और वहां उपस्थित रामभक्तों का मार्गदर्शन करें।
संजय राउत के इस निमंत्रण को महाराष्ट्र की राजनीति में भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने राजनीतिक मतभेदों से अलग हटकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को खुले तौर पर इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री इस निमंत्रण को स्वीकार करते हैं या नहीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 1:58 PM IST












