झारखंड के बोकारो में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, नौ आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के बोकारो में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, नौ आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के बोकारो जिले की पुलिस ने साइबर अपराध का नेटवर्क चला रहे एक गिरोह के नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बोकारो में किराए के मकानों में रहकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बना रहे थे। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार बिहार से जुड़े होने की बात सामने आई है।

बोकारो, 16 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो जिले की पुलिस ने साइबर अपराध का नेटवर्क चला रहे एक गिरोह के नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बोकारो में किराए के मकानों में रहकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बना रहे थे। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार बिहार से जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का संचालन करने वाले संरक्षकों की पहचान की जा रही है। बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी खुद को बैंक कर्मचारी या 'आरएम टूर एंड ट्रैवल्स' का एजेंट बताकर लोगों से संपर्क करते थे। भरोसा जीतने के बाद वे विभिन्न बहानों से बैंक खातों की जानकारी हासिल कर ठगी की रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सम्राट कुमार विनय, निरंजा कुमार, सुदामा कुमार, नीतीश कुमार, सुबोध कुमार, प्रेमचंद कुमार, धर्मराज कुमार, बृजेश कुमार और रवि प्रभाकर के रूप में हुई है। इनमें सम्राट कुमार विनय बोकारो सेक्टर-3 का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़े हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 43,100 रुपए नकद, 18 बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, नौ सिम कार्ड और 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा ठगी की रकम जिन बैंक खातों में जमा कराई गई थी, उन्हें संबंधित बैंकों के माध्यम से होल्ड करा दिया गया है, ताकि आगे वित्तीय लेनदेन रोका जा सके।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह के मुख्य संचालक और संरक्षक बिहार में बैठे हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। बरामद मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने यह भी कहा कि जिस मकान में आरोपी रहकर साइबर ठगी का संचालन कर रहे थे, उसके मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 5:21 PM IST

Tags

Next Story