झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो के तहत केस दर्ज

रांची, 13 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सिमडेगा जिले की 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किशोरी की शिकायत पर रांची के धुर्वा थाने में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोरी ने अपने आवेदन में बताया है कि मई 2026 में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे बेहतर शिक्षा और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर घर से ले गई थीं। पहले उसे सिमडेगा स्थित विधायक आवास और फिर रांची लाया गया।
आरोप है कि पढ़ाई की व्यवस्था करने के बजाय उससे घरेलू काम कराया जाने लगा। काम में गलती होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। उसे पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था।
शिकायत के मुताबिक, किशोरी ने जब इस व्यवहार का विरोध किया तो उसे धमकाया गया। उसने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास संख्या-12 में विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। किशोरी के अनुसार, वह अगले दिन किसी तरह अपने गांव लौट गई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बाद में उसने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिवार उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने धुर्वा थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। हटिया के डीएसपी नीरज ने बताया कि किशोरी को पढ़ाई और स्कूल में नामांकन का भरोसा देकर रांची लाया गया था। उसके साथ यौन शोषण और दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली है।
विधानसभा थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
