झारखंड की मगध-आम्रपाली कोल परियोजना में टेरर फंडिंग मामले में एनआईए कोर्ट का फैसला, 14 आरोपी दोषी करार

झारखंड की मगध-आम्रपाली कोल परियोजना में टेरर फंडिंग मामले में एनआईए कोर्ट का फैसला, 14 आरोपी दोषी करार
झारखंड स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की मगध और आम्रपाली कोल परियोजनाओं से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में रांची की एनआईए की विशेष अदालत ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने मामले में ट्रायल का सामना कर रहे 14 आरोपियों को दोषी करार दिया।

रांची, 12 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की मगध और आम्रपाली कोल परियोजनाओं से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में रांची की एनआईए की विशेष अदालत ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने मामले में ट्रायल का सामना कर रहे 14 आरोपियों को दोषी करार दिया।

दोषियों की सजा के बिंदु पर 18 अगस्त को सुनवाई होगी। अदालत ने मामले में आम्रपाली कोल परियोजना के सीसीएल महाप्रबंधक अजीत कुमार ठाकुर को बरी कर दिया। टेरर फंडिंग के एक अन्य आरोपी आक्रमण जी का मामला अदालत में अलग से चल रहा है। दोषी ठहराए गए आरोपियों में विनोद गंझू, मुनेश गंझू, बिरबल गंझू, बिंदु गंझू, कोहराम, सुभान मियां, संजय जैन, प्रेम विकास, मुकेश गंझू, भीखन गंझू, गोपाल सिंह भोक्ता और अनिश्चय गंझू समेत अन्य शामिल हैं।

एनआईए के अनुसार, इनमें कुछ आरोपी टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमेटी) के उग्रवादी थे, जबकि कुछ संगठन के लिए लेवी वसूली का काम करते थे। यह मामला टंडवा थाने में दर्ज कांड संख्या 2/2016 से जुड़ा है।

एनआईए ने 13 फरवरी 2018 को इस मामले को अपने हाथ में लिया था। जांच पूरी करने के बाद एजेंसी ने 16 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले की सुनवाई रांची स्थित एनआईए की विशेष अदालत में चल रही थी।

जांच के दौरान एनआईए ने मगध और आम्रपाली कोल परियोजनाओं से होने वाली गतिविधियों के माध्यम से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) को कथित तौर पर लेवी पहुंचाए जाने का मामला सामने आने का दावा किया था। एजेंसी के अनुसार, कोयला ढुलाई के ठेकों के जरिए उग्रवादी संगठन को आर्थिक मदद पहुंचाने का नेटवर्क चलाया जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया था कि टीपीसी को लेवी देने के उद्देश्य से मगध और आम्रपाली परियोजनाओं में कोयला ढुलाई का ठेका ऊंची दर पर लिया गया था। एनआईए ने अपनी जांच में सीसीएल, पुलिस, उग्रवादियों और शांति समिति से जुड़े लोगों के बीच कथित सांठगांठ के जरिए टेरर फंडिंग किए जाने का भी दावा किया था।

एजेंसी ने कहा था कि इस नेटवर्क के माध्यम से टीपीसी को आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे थे। अदालत के बुधवार के फैसले के बाद अब दोषी ठहराए गए आरोपियों की सजा पर 18 अगस्त को सुनवाई होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Aug 2026 8:02 PM IST

Tags

Next Story