झारखंडः कोडरमा में पेट्रोल पंप के पीछे पेड़ से लटका मिला टैंकर चालक का शव

झारखंडः कोडरमा में पेट्रोल पंप के पीछे पेड़ से लटका मिला टैंकर चालक का शव
झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव की शिनाख्त गिरिडीह जिले के कोवार निवासी नितेश यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से टैंकर चालक था।

कोडरमा, 7 मई (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ो स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव की शिनाख्त गिरिडीह जिले के कोवार निवासी नितेश यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से टैंकर चालक था।

पुलिस के अनुसार, नितेश यादव बुधवार को अपने सहायक चालक पंकज कुमार के साथ जसीडीह से ईंधन टैंकर लेकर डोमचांच के बगड़ो स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा था। पंकज कुमार ने बताया कि रात करीब 10 बजे नितेश किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बाहर चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं आया।

पंकज के मुताबिक, टैंकर खाली करने के बाद उन्होंने नितेश की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इस दौरान उनका मोबाइल फोन लगातार बज रहा था, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं हुआ।

गुरुवार सुबह कुछ स्थानीय लोग टहलने के लिए पेट्रोल पंप के पीछे गए, जहां उन्होंने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। बाद में पंकज कुमार ने शव की पहचान नितेश यादव के रूप में की।

पंकज ने पुलिस को बताया कि जसीडीह से निकलने के बाद से ही नितेश लगातार किसी व्यक्ति से फोन पर बात कर रहा था और बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस भी हो रही थी। हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की।

सूचना पर डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, सहायक चालक पंकज कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 May 2026 11:52 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story