झारखंडः सरकार ने आंदोलित छात्रों को भेजा वार्ता का न्योता, छात्र बोले- बंद कमरे में नहीं, खुले में होगी बातचीत

झारखंडः सरकार ने आंदोलित छात्रों को भेजा वार्ता का न्योता, छात्र बोले- बंद कमरे में नहीं, खुले में होगी बातचीत
झारखंड जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ 12 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सत्याग्रह पर बैठे छात्रों और राज्य सरकार के बीच आखिरकार बातचीत की कोशिश शुरू हो गई है।

रांची, 5 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ 12 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सत्याग्रह पर बैठे छात्रों और राज्य सरकार के बीच आखिरकार बातचीत की कोशिश शुरू हो गई है।

सरकार की ओर से रांची के एसडीओ कुमार रजत बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने छात्रों से कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है। पांच या सात छात्रों का प्रतिनिधिमंडल भेजिए। सरकार हर मुद्दे पर बातचीत से हल निकालने को तत्पर है, लेकिन छात्रों ने भी साफ जवाब दे दिया।

छात्रों ने कहा कि बातचीत होगी, लेकिन बंद कमरे में नहीं। कैमरे के सामने होगी। मीडिया की मौजूदगी में होगी। जो बात होगी, सबके सामने होगी। छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ कुछ लोगों का मुद्दा नहीं है। पूरे झारखंड के युवाओं का सवाल है, इसलिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।

इसके पहले बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों के आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर रख रही है। छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जो शिकायतें हैं, उनकी जांच चल रही है। एजेंसी तत्परता के साथ काम कर रही है। हर समस्या का हल संवाद से निकालने की कोशिश होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दरवाजे सबके लिए खुले हैं। जिसकी भी कोई बात है, वह सरकार तक पहुंचा सकता है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद जो सच होगा, वही सामने आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का मामला सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं है। दूसरे राज्यों में भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। अब यह राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से भी बातचीत की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Aug 2026 8:49 PM IST

Tags

Next Story