झारखंड शराब घोटाला ईडी ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव, उनके बेटे और पूर्व उत्पाद आयुक्त को भेजा समन
रांची, 28 जून (आईएएनएस)। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस विधायक और राज्य के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव तथा उत्पाद विभाग के सेवानिवृत्त आयुक्त अमित प्रकाश को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। तीनों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने के साथ मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी इस मामले में कथित वित्तीय लेन-देन और झारखंड की नई आबकारी व्यवस्था के क्रियान्वयन के दौरान विभिन्न निजी कंपनियों की भूमिका की जांच कर रही है। एजेंसी को संदेह है कि छत्तीसगढ़ की कुछ कंपनियों को झारखंड में काम दिलाने की प्रक्रिया में रोहित उरांव की भूमिका की भी जांच की आवश्यकता है।
हालांकि, इस संबंध में ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ईडी ने शराब घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में दर्ज कांड संख्या 9/2025 को आधा बनाते हुए इन्फोर्स केस इन्फॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) संख्या 10/2025 दर्ज की है। इसके बाद एजेंसी ने मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों से जेल में पूछताछ भी की थी।
गौरतलब है कि एसीबी ने पिछले वर्ष मई में शराब घोटाले के आरोपों को लेकर प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे, उत्पाद विभाग के तत्कालीन संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह, विनय सिंह समेत 10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि नई आबकारी नीति के क्रियान्वयन के दौरान अनियमितताएं हुईं, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा।
ईडी अब इस मामले के मनी लॉन्ड्रिंग पहलू की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित अनियमितताओं से अर्जित धन का इस्तेमाल किस प्रकार किया गया और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। रामेश्वर उरांव झारखंड की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और वर्तमान में लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Jun 2026 4:09 PM IST












