जेपीएससी-जेएसएसी विवाद आंदोलित छात्रों के बीच रांची पहुंचे पीयूष मिश्रा, बोले- आपकी आवाज जायज, गाया ‘आरंभ है प्रचंड’
रांची, 8 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को शनिवार को मशहूर अभिनेता, गायक और लेखक पीयूष मिश्रा का समर्थन मिला। वह रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल पहुंचे और अनशन-सत्याग्रह कर रहे छात्रों से मुलाकात की।
पीयूष मिश्रा ने छात्रों का हौसला बढ़ाया और उनके संघर्ष के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने छात्रों के बीच अपना चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ भी गाया। गीत के दौरान आंदोलन स्थल पर मौजूद छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
छात्रों से बातचीत के दौरान पीयूष मिश्रा ने कहा कि उन्होंने आंदोलन कर रहे कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे थे। उनकी आंखों में दर्द और परेशानी देखकर उन्हें रांची आने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि उनके पास दो दिन का समय था और वह इस दौरान छात्रों के बीच आकर उनके साथ खड़ा होना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की शर्मिंदगी है कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से इस आंदोलन को लेकर बहुत कम लोग बोल रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए और वहां भी ऐसे लोग हैं जो छात्रों के साथ हैं। पीयूष मिश्रा ने छात्रों को देश का भविष्य बताते हुए उनके संघर्ष की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्र जिस मुद्दे को लेकर लड़ रहे हैं, वह महत्वपूर्ण है और उन्हें अपनी आवाज मजबूती से उठानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने छात्रों से आंदोलन की मर्यादा बनाए रखने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित होना चाहिए। आंदोलन में किसी तरह की बदतमीजी, गाली-गलौज या अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने छात्रों को राजनीतिक हस्तक्षेप से भी दूर रहने की सलाह दी।
पीयूष मिश्रा ने कहा कि वह केवल समर्थन देने के लिए यहां नहीं आए हैं। वह और उनके कुछ साथी आंदोलनकारी छात्रों की जरूरतों में मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आंदोलन स्थल पर मेडिकल सहायता, भोजन, आर्थिक मदद और तिरपाल, गद्दे व दरियों जैसी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही।
उन्होंने अपने अन्य साथियों से भी छात्रों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र 29 जुलाई से रांची में आंदोलन कर रहे हैं। छात्र 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराने तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्र मामले की सीबीआई और ईडी से जांच की मांग भी कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 6:44 PM IST












