कानपुर रिश्वत मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर गिरफ्तार
लखनऊ, 5 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर देहात में बैंक ऑफ बड़ौदा के मैनेजर को गिरफ्तार किया। सीबीआई ने रिश्वत के मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी), नोनारी बुजुर्ग ब्रांच, जिला- कानपुर देहात, यूपी के ब्रांच मैनेजर और दलाल/बैंक मित्र को पकड़ा।
सीबीआई द्वारा यह मामला 3 जून को दर्ज किया गया था, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसने दिसंबर 2023 में सोलर आटा मिल लगाने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा, नोनारी बुजुर्ग ब्रांच, जिला- कानपुर देहात, यूपी से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत 10 लाख रुपए का लोन लिया था। दो साल पूरे होने के बाद शिकायतकर्ता ने उसी बैंक ब्रांच से 'पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग रोजगार योजना' के तहत ब्याज सब्सिडी का दावा करने के लिए जरूरी दस्तावेज हासिल किए और अपने खाते में ब्याज सब्सिडी की पहली किश्त भी प्राप्त की।
आगे यह भी आरोप लगाया गया कि जब शिकायतकर्ता ने 'पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग रोजगार योजना' के तहत ब्याज सब्सिडी का दावा करने के लिए जरूरी दस्तावेजों के लिए दोबारा ब्रांच मैनेजर से संपर्क किया तो आरोपी ब्रांच मैनेजर ने जरूरी दस्तावेज जारी करने के बदले रिश्वत के तौर पर दलाल/बैंक मित्र के जरिए शिकायतकर्ता से 25,000 रुपए की अनुचित मांग की और धमकी दी कि अगर मांगी गई रिश्वत नहीं दी गई तो ब्याज सब्सिडी के लिए जरूरी दस्तावेज जारी नहीं किए जाएंगे।
सीबीआई ने इसी शिकायत के आधार पर जांच के लिए 4 जून को जाल बिछाया और आरोपी दलाल को शिकायतकर्ता से आरोपी ब्रांच मैनेजर की ओर से 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद, आरोपी ब्रांच मैनेजर और दलाल/बैंक मित्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें लखनऊ में सक्षम अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव वर्मा, शाखा प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, नोनारी बुजुर्ग शाखा, जिला-कानपुर देहात, यूपी और राघवेंद्र, दलाल/बैंक मित्र, बैंक ऑफ बड़ौदा, नोनारी बुजुर्ग शाखा, जिला-कानपुर देहात, यूपी के रूप में हुई है। वहीं, सीबीआई की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 8:11 PM IST












