कौन हैं 15 वर्षीय उमा काश्वी? डब्ल्यूपीएल ऑक्शन में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनीं

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 के लिए कोच्चि में बुधवार को हुए मिनी ऑक्शन में 15 वर्षीय खिलाड़ी उमा काश्वी चर्चा का विषय रहीं। उमा को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा और वह डब्ल्यूपीएल ऑक्शन के इतिहास में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनीं।
उमा को दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। महज 15 साल की उम्र में उमा डब्ल्यूपीएल 2027 में जलवा बिखेरती हुई नजर आएंगी। उमा का जन्म 9 अप्रैल 2011 को कर्नाटक में हुआ। उमा ने महज 7 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने 7 साल की उम्र में ही एक क्रिकेट अकादमी में दाखिला ले लिया था और इस खेल की बारीकियों को सीखना शुरू कर दिया था। अपने दमदार खेल के बूते उमा ने बेहद कम उम्र में अपनी पहचान बनाई है।
उमा बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की काबिलियत रखती हैं। वह दाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज हैं। उमा ने बीसीसीआई की महिला अंडर-15 टूर्नामेंट में 172 की दमदार औसत से खेलते हुए 516 रन बनाकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया था। वह अंडर-15 स्तर पर कर्नाटक की कप्तानी भी संभाल चुकी हैं। उमा ने डब्ल्यूपीएल 2027 के ऑक्शन में बिकने के साथ ही दीया यादव का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जिन्हें डब्ल्यूपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने ही 16 साल की उम्र में खरीदा था। उमा फिलहाल कर्नाटक की अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं। वह अपने करियर में अंडर-19 टी20 ट्रॉफी और कर्नाटक महिला लीग का खिताब जीत चुकी हैं।
उमा काश्वी की तरह ही 16 साल की समायरा राघव को भी डब्ल्यूपीएल 2027 में गुजरात जायंट्स के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। समायरा को गुजरात ने 10 लाख में खरीदा। वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान देने के लिए जानी जाती हैं। दिल्ली प्रीमियर लीग में समायरा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
