केजरीवाल और सिसोदिया पर सुनील जाखड़ का तंज, मोगा दौरे को लेकर उठाए सवाल

केजरीवाल और सिसोदिया पर सुनील जाखड़ का तंज, मोगा दौरे को लेकर उठाए सवाल
भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है।

चंडीगढ़, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है।

गुरुवार को संविधान दिवस मनाए जाने के मौके पर सुनिल जाखड़ ने केजरीवाल और सिसोदिया से सवाल पूछा है कि संविधान में कहां लिखा है कि चुनाव जीतने के लिए 'साम, दाम, दंड, भेद, लड़ाई-झगड़ा, झूठ-सच' का सहारा लिया जा सकता है।

सुनिल जाखड़ ने 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "आज जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया संविधान दिवस मना रहे हैं, तो क्या वे हमें बता सकते हैं कि संविधान में कहां कहा गया है कि चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, लड़ाई-झगड़ा और झूठ का सहारा लेने की अनुमति है?"

भाजपा नेता ने केजरीवाल और सिसोदिया के मोगा आने को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि अब जब वे मोगा आ रहे हैं, तो क्या वे उस कथित खालिस्तान कमांडो फोर्स के समर्थक को भी पार्टी में लाएंगे, जिसके घर पर केजरीवाल 2017 में रुके थे?

उन्होंने पूछा कि क्या वे उसे भी उस 'गैंगस्टरों और अपराधियों की सेना' में शामिल करेंगे, जिसे उन्होंने पंजाब में अराजकता और अशांति फैलाने के लिए पहले से ही पार्टी में भर्ती कर रखा है?

सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोग हर दिन अपनी सड़कों पर हो रही गोलीबारी में इस नीति के सबूत देखते हैं और इसके परिणाम भुगतते हैं। उन्होंने कहा कि आपकी इस दुर्भावनापूर्ण नीति का असर पंजाब की जनता रोज देख रही है और झेल रही है।

वहीं, दूसरी ओर इससे पहले 25 नवंबर को दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए राज्य में नशा तस्करी, गैंगवार, हत्या, रंगदारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि पंजाब में नशा तस्कर खुलेआम अपना नेटवर्क चला रहे हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story