संविधान दिवस पर नेताओं ने किया बाबा साहब को नमन, लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का दिया संदेश

संविधान दिवस पर नेताओं ने किया बाबा साहब को नमन, लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का दिया संदेश
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को देशभर में राजनीतिक दलों के नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और संविधान में निहित मूल्यों को जीवन में उतारने की अपील की। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से लेकर बिहार में जेडी(यू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक और महाराष्ट्र में भाजपा नेता राम कदम ने संविधान के महत्व को रेखांकित किया।

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को देशभर में राजनीतिक दलों के नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और संविधान में निहित मूल्यों को जीवन में उतारने की अपील की। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से लेकर बिहार में जेडी(यू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक और महाराष्ट्र में भाजपा नेता राम कदम ने संविधान के महत्व को रेखांकित किया।

अमरावती में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नागरिकों से अपने लोकतांत्रिक अधिकार यानी वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र की असली ताकत उसके मतदाताओं के हाथ में है।

उन्होंने कहा, "चाहे अमीर हो या गरीब, हर व्यक्ति के पास सिर्फ एक वोट होता है। एक अरबपति या खरबपति के पास भी एक ही वोट होता है और सबसे गरीब व्यक्ति के पास भी एक ही वोट होता है। लोकतंत्र ने हर मतदाता के हाथ में यह हथियार दिया है, जिससे आप जिसे चाहें उसे चुन सकते हैं।

पटना में संविधान दिवस के अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने बाबा साहब और संविधान सभा के सभी प्रतिनिधियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "26 नवंबर 1949 को संविधान को राष्ट्रपति को सुपुर्द किया गया था और फिर 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया, जिसे गणतंत्र दिवस के रूप में हम इसे मनाने लगे। इसलिए आज का दिन ऐतिहासिक और पवित्र दिन है।"

उन्होंने कहा, "संविधान दिवस बहुत लोग मना रहे हैं, मनाना भी चाहिए। यह तो गौरव का विषय है। हमने भी आज संविधान को नमन किया है। मैं यह कहना चाहता हूं कि सिर्फ नमन करना या फूल चढ़ाना संविधान के प्रति विश्वास और आदर नहीं होगा। संविधान के प्रति सच्चा आदर तब होगा, जब संविधान के तमाम अनुच्छेदों को उनकी धाराओं को हम अपने जीवन में आत्मसात करें और एक अच्छा नागरिक बनकर संविधान का सम्मान करें। तभी जाकर संविधान की प्रतिष्ठा बनी रहेगी।"

वहीं, मुंबई में भाजपा नेता राम कदम ने संविधान दिवस पर डॉ. अंबेडकर को याद करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज संविधान दिवस है। डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने हमें भारत का पवित्र संविधान दिया लेकिन कांग्रेस ने उसी व्यक्ति के साथ कैसा बर्ताव किया।

कदम ने आरोप लगाया कि 1952 और 1954 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने बाबा साहब को हराने की साजिश रची। कांग्रेस ने उनके जीते-जी उनके साथ हमेशा अन्यायपूर्ण व्यवहार किया। उनके दुखद निधन के बाद भी पूरे देश से 34 सालों तक मांग उठने के बावजूद उन्हें भारत रत्न नहीं दिया गया। 1990 में जब भाजपा समर्थित सरकार सत्ता में आई, तब जाकर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story