केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रक्षाबंधन पर प्रकृति और पर्यावरण रक्षा के संकल्प की अपील की

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रक्षाबंधन पर प्रकृति और पर्यावरण रक्षा के संकल्प की अपील की
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने आवास पर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की बहन ने रक्षाबंधन पर उनके आवास पर उन्हें राखी बांधी।

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने आवास पर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की बहन ने रक्षाबंधन पर उनके आवास पर उन्हें राखी बांधी।

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी और लोगों से खेजरली बलिदान से प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, "भारत की सांस्कृतिक विरासत में आज का दिन खास महत्व रखता है। भारतीय ज्ञान-परंपरा ने रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक ही सीमित नहीं रखा। समय के साथ इसका महत्व और व्यापक हुआ। भारतीय सभ्यता में प्रकृति से मिलने वाली हर चीज को ईश्वरीय मानने की परंपरा रही है। आज, जब हम अपनी बहनों से सुरक्षा का पवित्र धागा बंधवाते हैं और उन्हें अपने सहयोग व सुरक्षा का भरोसा दिलाते हैं, तो हमें प्रकृति और पर्यावरण के हर हिस्से की रक्षा के लिए भी संकल्प लेना चाहिए।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "भारत के त्योहारों की एक लंबी शृंखला है, उसमें सबसे अधिक महत्व वाला रक्षाबंधन का पर्व है। यह पर्व हमें जिम्मेदारी के साथ संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। मैं सबसे आग्रह करता हूं कि प्रकृति और पर्यावरण के लिए भी संकल्पबद्ध हों। राजस्थान की धरती ने प्रकृति और पर्यावरण के लिए बलिदान की परंपरा कायम की है। 363 माताओं-बहनों ने इसी धरती पर वृक्ष के लिए बलिदान दिया था।"

नेपाल में अचानक आई बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा, "आज के समय में, जब हम अपने पड़ोसी देश नेपाल में प्रकृति का प्रकोप देख रहे हैं। हम प्रकृति में हो रहे बदलावों की चुनौतियों को महसूस कर रहे हैं। रक्षाबंधन के मौके पर हम सभी को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए काम करने का संकल्प लेना चाहिए।"

वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "आज पूरे देश और दुनिया भर में रक्षाबंधन का शुभ त्योहार बहुत खुशी और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बहनें सुबह से ही अपने भाइयों के घर जाकर, उन्हें बुलाकर या उनसे जुड़कर यह त्योहार मना रही हैं। मैं इस मौके पर राज्य के सभी लोगों को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Aug 2026 1:29 PM IST

Tags

Next Story