केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मिले तमिलनाडु मंत्री, समुदायों के कल्याण और योजनाओं पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने तमिलनाडु के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एएम शाहजहां और लोकसभा सांसद के नवासकनी से मुलाकात की। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर तमिलनाडु के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एएम शाहजहां के साथ मुलाकात हुई।
बैठक में लोकसभा सांसद के नवासकनी, तमिलनाडु के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव वी. दक्षिणामूर्ति और अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त एम. एशिया मरियम भी मौजूद रहीं।
रिजिजू ने कहा कि बैठक के दौरान बेहतर माहौल में बातचीत हुई और अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण एवं सशक्तिकरण से जुड़े मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
वहीं, सांसद के. नवासकनी ने बैठक को लेकर कहा कि इस दौरान अल्पसंख्यकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रखी गईं।
उन्होंने कहा कि बैठक में केंद्र सरकार की ओर से कथित तौर पर रोकी गई योजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
नवासकनी के मुताबिक, बैठक में तमिलनाडु सरकार के सचिव वी. दक्षिणामूर्ति और अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त एवं तमिलनाडु वक्फ बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एशिया मरियम भी शामिल हुईं।
बैठक के दौरान तमिलनाडु में अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े कल्याणकारी मुद्दों और उनके सशक्तिकरण को लेकर केंद्र और राज्य के प्रतिनिधियों के बीच विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री एएम शाहजहां ने कहा, "तमिलनाडु सरकार की ओर से, हमने अल्पसंख्यक समुदाय की प्रगति के लिए विभिन्न मांगों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किया।"
उन्होंने कहा कि हमने अल्पसंख्यकों के कल्याणकारी योजनाओं को पुनर्जीवित करने और लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जो अतीत में अच्छी तरह से काम करती थीं, लेकिन वर्तमान में रुकी हुई हैं। केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से परामर्श करके उचित कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 12:06 AM IST












