पीएचडी चैंबर और जेके टायर ने निकाली इलेक्ट्रिक व्हीकल रैली, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में बुधवार को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) और जेके टायर के संयुक्त तत्वावधान में यूथ सेफ्टी और स्मार्ट मोबिलिटी को लेकर इलेक्ट्रिक व्हीकल अभियान का आयोजन किया गया। इस रैली को लोकसभा सांसद और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान दिल्ली से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से वापस दिल्ली तक जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देना है।
लोकसभा सांसद और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, "सड़क सुरक्षा हमारे मंत्रालय और हर व्यक्ति के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है। इसके कई पहलू हैं। सड़क पर वाहन चलाने वाले हर व्यक्ति को नियमों का पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट जरूर पहनना चाहिए, क्योंकि देश में हर साल लगभग साढ़े चार लाख सड़क हादसे होते हैं, जिनमें करीब एक लाख 70 हजार लोगों की मौत हो जाती है और मरने वालों में 70 प्रतिशत लोग 35 साल से कम उम्र के होते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि सड़क सुरक्षा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। इस पर मंत्रालय लगातार काम कर रहा है। हमारा प्रयास रहता है कि सड़कों पर ब्लैक स्पॉट्स और डार्क स्पॉट्स न रहें। अगर हमारे संज्ञान में ऐसे स्पॉट्स आते हैं तो उन्हें खत्म करने का काम किया जाता है। पिछले एक साल में हमने 14 हजार ब्लैक स्पॉट्स को खत्म किया है, चाहे वह डिजाइन से जुड़ी खामी रही हो या कोई अन्य कारण। सड़क सुरक्षा हमारे लिए बेहद अहम मुद्दा है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स और जेके टायर की ओर से आज जो अभियान आयोजित किया गया है, उसका मकसद रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता फैलाना है, खासकर युवाओं में। इस अभियान में शामिल सभी गाड़ियां इलेक्ट्रिक वाहन हैं, जो क्लीन मोबिलिटी और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देंगी। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2070 तक नेट जीरो एमिशन के लक्ष्य को हासिल करने में सहायक साबित होगी।
इसके अलावा पीएचडीसीसीआई के महासचिव डॉ. रणजीत मेहता ने कहा कि यह पहल पीएचडी चैंबर, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और जेके टायर का संयुक्त प्रयास है। इसके तहत दिल्ली से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से वापस दिल्ली तक एक सेफ्टी ड्राइव अभियान निकाला जा रहा है, जिसका उद्देश्य यूथ सेफ्टी के साथ-साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, क्लीन मोबिलिटी और स्मार्ट मोबिलिटी को बढ़ावा देना है।
उन्होंने आगे कहा कि जब भी कोई युवा सड़क पर निकलता है तो उसकी सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। देश में हर साल चार लाख से ज्यादा सड़क हादसे होते हैं, जिनमें करीब 40 प्रतिशत मौतें 35 साल से कम उम्र के लोगों की होती हैं, जो बेहद चिंताजनक है। इसलिए युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षा का एंबेसडर बनाना बहुत जरूरी है।
डॉ. मेहता ने कहा कि इस अभियान के दौरान हम दिल्ली से चंडीगढ़ तक अलग-अलग कॉलेजों में जाकर 5 से 6 हजार युवाओं से मिलेंगे और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही, हम उन्हें ग्रीन मोबिलिटी और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल के लिए भी प्रोत्साहित करेंगे, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2070 तक भारत को नेट जीरो बनाने का लक्ष्य रखा है। इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यही इस अभियान का उद्देश्य है और हम केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के आभारी हैं, जिन्होंने इस इलेक्ट्रिक व्हीकल रैली को फ्लैग ऑफ किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 12:06 AM IST












