केरल मलप्पुरम में नशा तस्करों पर कार्रवाई, 100 ग्राम ड्रग्स के साथ दो शातिर गिरफ्तार

केरल  मलप्पुरम में नशा तस्करों पर कार्रवाई, 100 ग्राम ड्रग्स के साथ दो शातिर गिरफ्तार
केरल के मलप्पुरम जिले की कुट्टीपुरम पुलिस और तिरूर डीएएनएसएएफ (जिला नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई बल) टीम ने दो लोगों को 100 ग्राम एमडीएमए (नशीला पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि वे इसे कुट्टीपुरम इलाके में बेचने के लिए लाए थे।

तिरुवनंतपुरम, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल के मलप्पुरम जिले की कुट्टीपुरम पुलिस और तिरूर डीएएनएसएएफ (जिला नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई बल) टीम ने दो लोगों को 100 ग्राम एमडीएमए (नशीला पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि वे इसे कुट्टीपुरम इलाके में बेचने के लिए लाए थे।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मुहम्मद रिजवान (25) और मुहम्मद जासिल (41) के तौर पर हुई। दोनों तवनूर के रहने वाले हैं। दोनों को शुक्रवार सुबह कुट्टीपुरम के थ्रिप्पालूर में कन्नमकुलम से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, वे बेंगलुरु से लाई गई ड्रग्स के साथ कार में आए थे और संभावित ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे, तभी गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को एमडीएमए के कई छोटे पैकेट मिले, जिन्हें कथित तौर पर बेचने के लिए तैयार किया गया था। पुलिस ने बताया कि ये दोनों कुछ समय से निगरानी में थे। पुलिस के अनुसार, जासिल कथित तौर पर ड्रग तस्करी के काम के लिए पैसे लगाता था, जबकि रिजवान कथित तौर पर कैरियर का काम करता था और जासिल के लिए ड्रग्स पहुंचाता था।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों से उनके नेटवर्क और ड्रग्स के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए विस्तार से पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी।

नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का दूसरा मामला शुक्रवार को छत्तीसगढ़ से सामने आया, जहां जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजे को मिर्च की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे करीब 20 लाख रुपए कीमत के वाहन को भी जब्त किया गया है। इस तरह मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की जब्ती की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद वसीम और 34 वर्षीय मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव के रहने वाले हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2026 10:16 PM IST

Tags

Next Story