केरल नेदुम्बासेरी में तेज रफ्तार मिनी कूपर कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत, ड्राइवर हिरासत में
एर्नाकुलम, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल के एर्नाकुलम जिले में रविवार को एक कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। सामने आया है कि कार चालक ने शराब पी रखी थी।
एर्नाकुलम जिले के नेदुम्बासेरी में यह हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने एक स्कूटर को पीछे से टक्कर मारी। इस स्कूटर पर तीन लोग सवार थे। बताया गया कि कोच्चि में एक एंटीक शॉप में काम करने वाले ये लोग एयरपोर्ट इलाके में घूमने के बाद थ्रिक्काकारा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही, कार के चालक सुहेल सजीव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार कार के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज करने समेत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार चालक सुहेल ने माना कि हादसे के समय उसने शराब पी रखी थी। खबरों के अनुसार, उसने पुलिस को बताया कि उसने सिर्फ बीयर पी थी। यह पता लगाने के लिए कि क्या उसने कोई और नशीला पदार्थ लिया था, वैज्ञानिक जांच के लिए उसके खून के नमूने लिए गए हैं।
रिपोर्ट्स से यह भी पता चला है कि हादसे के बाद सुहेल की उन स्थानीय लोगों से बहस हुई, जिन्होंने कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी। बताया जाता है कि उसने कहा कि दरवाजा खोलने से सेंसर खराब हो जाएगा और बहस के दौरान उसने कहा कि 'चाहे कुछ भी हो जाए, उसके पिता सब संभाल लेंगे।'
पुलिस उपाधीक्षक बैजू पॉलोस ने बताया कि गाड़ी सुहेल के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड है और सुहेल के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस है। अन्य नशीले पदार्थों के इस्तेमाल का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच के नतीजे अभी आने बाकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 11:45 AM IST












