पुणे केतन अग्रवाल केस में बड़ा खुलासा, मंगेतर ने शादी से पहले रची खौफनाक साजिश
मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे के लोनावला स्थित लोहागढ़ में ट्रेकिंग के दौरान कारोबारी परिवार के 24 वर्षीय युवक केतन अग्रवाल की मौत ने एक नया मोड़ ले लिया है। पहले इस घटना को हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में हत्या की आशंका सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने इस घटना में हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने कहा कि 18 जून को एक कपल, जिनकी इंगेजमेंट फरवरी में हुई थी, सिया गोयल और केतन अग्रवाल, लोहागढ़ किले में घूमने के लिए गए थे। वहां से तकरीबन 10:30 या 10:45 बजे के आसपास सिया गोयल ने फोन करके बताया कि केतन अग्रवाल फिसल के गिर गया और उसकी लोहगढ़ किले से नीचे गिरने से मृत्यु हो गई है।
उन्होंने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही वहां के सिक्योरिटी गार्ड, पुलिस, लड़की और मृतक के घर वाले घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस स्टेशन में उसी दिन केस दर्ज किया गया। मामला दाखिल करने के बाद आगे जो जांच की गई, उसमें कुछ ऐसी बातें हमारे सामने आईं, जिससे घटना को लेकर संशय पैदा हो गया।
मृतक के रिश्तेदारों और दोस्तों से हुई बातें एवं पुलिस जांच में समझ आया कि इस तरह की घटना अचानक से होना बहुत ज्यादा संभावित नहीं है, खासकर उस लड़के के साथ जो अक्सर ट्रेकिंग करता था। पुलिस ने बताया कि लड़के ने काफी ट्रेकिंग की थी। जांच के इन सभी पहलुओं के आधार पर मामले की संदिग्धता और बढ़ गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हमें अपने कुछ गोपनीय सूत्र और मामले को लेकर की गई आगे की जांच में पता चला कि सिया गोयल का चेतन चौधरी नाम का एक दोस्त है। पुलिस ने बताया कि सिया के परिवार का काम मार्केट यार्ड में है, उधर ही चेतन की भी दुकान है।
उन्होंने आगे बताया कि इन दोनों के बीच आपस में कुछ एक वर्ष के आसपास से पहचान थी। इन दोनों ने ही केतन अग्रवाल की हत्या को लेकर योजना बनाई थी और उसी के तहत इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि लोहागढ़ किले पर इन्होंने केतन अग्रवाल को धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिरा और उसकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि इस केस हत्या का मुकदमा दर्ज कर सिया और चेतन को हिरासत में लिया गया। दोनों ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Jun 2026 4:22 PM IST












