खाड़ी देशों में मौजूद वो 5 बंदरगाह कौन से जिन पर ईरानी हमले का खतरा!

तेहरान/वाशिंगटन, 18 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका ने शुक्रवार को ईरान के चाबहार पोर्ट पर ताबड़तोड़ हमले किए। इस हमले के जवाब में ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों की मेजबानी करने वाले देशों को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। स्थानीय मीडिया के अनुसार निशाने पर पांच प्रमुख बंदरगाह हैं।
आईआरजीसी का कहना है कि जिन देशों की जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हमलों के लिए किया जा रहा है, उन्हें अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए सिविल डिफेंस व्यवस्था सक्रिय करनी चाहिए और संभावित सैन्य ठिकानों से लोगों को दूर ले जाना चाहिए।
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि चाबहार बंदरगाह से जुड़े घटनाक्रम के बाद ईरान जवाबी कार्रवाई में क्षेत्र के उन पांच प्रमुख बंदरगाहों को निशाना बना सकता है, जिनका संबंध अमेरिका के सैन्य या कारोबारी हितों से माना जाता है।
संभावित निशाने पर बताए गए बंदरगाह: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का जेबेल अली पोर्ट, बहरीन का मीना सलमान पोर्ट, कुवैत का शुआइबा पोर्ट, कतर का हमाद पोर्ट और सऊदी अरब का किंग फहद इंडस्ट्रियल पोर्ट हैं।
इस बीच, ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने ड्रोन और मिसाइलों से कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य लॉजिस्टिक्स हब कैंप अरिफजान पर हमला किया, जिसमें अमेरिकी कर्मियों के हताहत होने का दावा किया गया है। इसके अलावा, अली अल सलेम एयर बेस को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है। आईआरजीसी के अनुसार, इस हमले में एयर बेस की रडार प्रणाली, हथियार रखरखाव हैंगर और ड्रोन फैसिलिटी को नुकसान पहुंचाया गया।
आईआरजीसी ने ये भी दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में धमाका हुआ है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की गलत जानकारी के कारण दोनों टैंकर समुद्र में बिछी माइंस से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इस दावे को झूठा बताया।
ईरान के हवाई हमलों को देखते हुए कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। राष्ट्रीय एयरलाइन कुवैत एयरवेज ने यात्रियों को जारी सूचना में बताया कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल एयरपोर्ट पर सभी टेकऑफ और लैंडिंग सेवाएं रोक दी गई हैं।
एयरलाइन ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यह फैसला एहतियातन लिया गया है। यात्रियों से अपनी उड़ानों की नवीनतम जानकारी के लिए एयरलाइन के आधिकारिक माध्यमों पर नजर रखने की अपील की गई है। इससे पहले ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 12:09 PM IST












