खादी है स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल,7 अगस्त (आईएएनएस) भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भोपाल के जवाहर चौक स्थित सरस्वती नगर के खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज एवं वस्त्र खरीदे । उन्होंने कहा कि खाड़ी हमारे स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि हमारे स्वाधीनता संग्राम की आत्मा और आत्मनिर्भर भारत का सशक्त प्रतीक है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने खादी को स्वदेशी, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाया था। आज भी खादी भारतीय संस्कृति, आत्मनिर्भरता और स्थानीय कारीगरों के सम्मान का प्रतीक बनी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश के चंदेरी, महेश्वरी, नंदना प्रिंट और बाग प्रिंट जैसी समृद्ध हस्तकरघा परंपराएँ हमारे बुनकर साथियों की अद्भुत प्रतिभा, परिश्रम और सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने स्वदेशी आंदोलन को याद करते हुए कहा कि 7 अगस्त भारतीय इतिहास में स्वदेशी आंदोलन की प्रेरणादायी तिथि है। वर्ष 1905 में इसी दिन कोलकाता से स्वदेशी आंदोलन का शंखनाद हुआ था। उसी ऐतिहासिक विरासत को स्मरण करते हुए देशभर में राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाया जाता है। देश के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 45 लाख बुनकर हैंडलूम उद्योग से जुड़े हुए हैं, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि के बाद हैंडलूम एवं बुनकर उद्योग देश में रोजगार का सबसे बड़ा आधार है। हमारे पारंपरिक वस्त्र न केवल भारतीय संस्कृति और विरासत के संवाहक हैं, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका का भी प्रमुख साधन हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक हैंडलूम और खादी से बने वस्त्रों का उपयोग करें, ताकि स्थानीय बुनकरों और कारीगरों को रोजगार एवं आर्थिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी को बढ़ावा देने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Aug 2026 8:34 PM IST












