खाटूश्याम धाम दीपावली के दिन 8 नवंबर को रहेगा बंद, मंदिर कमेटी ने की श्रद्धालुओं से अपील

सीकर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से खाटूश्याम जी का धाम 8 नवंबर को बंद रहने की जानकारी साझा की गई है। खाटूश्याम मंदिर के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान की ओर से अपील की गई है कि दीपावली पर्व पर बाबा श्याम के पट बंद रहेंगे।
कोषाध्यक्ष की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सभी श्याम भक्तों को सूचित किया जाता है कि दीपावली पर्व, दिनांक 8 नवंबर (रविवार) को श्री श्याम प्रभु की विशेष सेवा-पूजा होने के कारण, श्री श्याम प्रभु के दर्शन दिनांक 7 नवंबर को रात्रि 10 बजे से दिनांक 8 नवंबर को शाम 5 बजे तक आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेंगे। अतः इस अवधि के उपरांत ही दर्शन हेतु पधारें। कृपया व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें।
दीपावली के पावन पर्व पर भगवान खाटू श्याम की विशेष सेवा-पूजा और भव्य श्रृंगार किया जाता है। मंदिर कमेटी के अनुसार, दीपावली की पूजा और मंदिर की विशेष साफ-सफाई व सजावट की जाती है। दीपावली के पांच दिवसीय पर्व पर पूरे मंदिर परिसर को भव्य रोशनी, फूलों और दीयों से आकर्षक रूप से सजाया जाता है। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बाबा श्याम का विशेष शृंगार किया जाता है और विधि-विधान से आरती संपन्न होती है।
दीपावली के अवसर पर होने वाली विशेष सेवा-पूजा और साफ-सफाई के कारण मंदिर के कपाट कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन हेतु बंद रखे जाते हैं। साफ-सफाई या पूजा के चलते तय समयावधि के लिए पट बंद किए जाते हैं और विशेष पूजा के बाद फिर खोले जाते हैं।
बता दें कि खाटू श्याम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी होती है। फरवरी में फाल्गुन मास में 10 दिनों तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध सीकर स्थित बाबा श्याम के मेले में दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ पहुंची थी। रींगस से खाटूश्याम मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर भक्तों का अद्भुत मेला देखने को मिला था, जो ‘जय श्री श्याम’ के नारे से गूंज उठा था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
