सतना न्यूज: इलाज के दौरान महिला की मौत

इलाज के दौरान महिला की मौत
शिकायत पर डॉक्टर का क्लीनिक सील

डिजिटल डेस्क सतना। इलाज के दौरान 35 वर्षीय गुड्डी कुशवाहा की मौत के मामले में प्रशासन ने डॉ. बृज द्विवेदी के क्लीनिक को सील कर दिया। नागौद के उदय चौक स्थित क्लीनिक में सोमवार देर शाम एसडीएम, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की। इसमें डॉक्टर के पास बीएचएमएस की डिग्री होने के बावजूद दूसरी विधा से इलाज किए जाने और क्लीनिक का वैध पंजीयन नहीं मिलने की बात सामने आई।

पति ने उठाए थे इलाज पर सवाल

नागौद निवासी गुड्डी का इलाज इसी क्लीनिक में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पति मल्लू कुशवाहा ने नागौद थाने और बीएमओ को शिकायत देकर इलाज की परिस्थितियों की जांच और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के बाद एसडीएम स्तर से जांच के निर्देश दिए गए।

जांच में मिलीं अनियमितताएं

एसडीएम ऋषिराज सिंह, टीआई मनोज सोनी और बीएमओ डॉ. प्रमोद प्रजापति ने क्लीनिक पहुंचकर दस्तावेज और उपचार व्यवस्था की जांच की। अनियमितताएं मिलने पर क्लीनिक सील कर दिया गया। गुड्डी की मौत का कारण और उपचार में चिकित्सकीय लापरवाही की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


Created On :  

Tags

Next Story