'किरदार में ढलने के लिए 10 महीने तक हाथ में रखे कार्ड्स', विजय वर्मा की 'मटका किंग' के लिए खास तैयारी
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। आज के समय में वेब सीरीज और फिल्मों में किरदार को असली दिखाने के लिए कलाकारों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। सिर्फ डायलॉग बोलना या स्क्रीन पर दिखना ही काफी नहीं होता, बल्कि उस किरदार को जीना पड़ता है। यही वजह है कि कई कलाकार अपने रोल के लिए महीनों तक तैयारी करते हैं। इसी कड़ी में अभिनेता विजय वर्मा ने अपनी आने वाली सीरीज 'मटका किंग' के लिए जो मेहनत की है, वह अब चर्चा का विषय बन गई है।
दरअसल, इस सीरीज में विजय वर्मा का किरदार मुंबई में 'मटका' नाम के जुए का नेटवर्क चलाता है। यह किरदार पूरी तरह काल्पनिक है, लेकिन इसे असली जैसा दिखाने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। अपने रोल को प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने कार्ड्स के साथ खेलने की कला सीखी, ताकि स्क्रीन पर उनका हर मूवमेंट नेचुरल लगे।
प्रमोशन के दौरान विजय वर्मा ने कहा, ''मैंने कार्ड्स के साथ काम करने के लिए एक प्रोफेशनल जादूगर की मदद ली। इस जादूगर को प्रोडक्शन टीम ने मेरे घर भेजा, जहां मैंने कई सेशंस में कार्ड पकड़ना, शफल करना और अलग-अलग ट्रिक्स सीखीं। करीब एक महीने तक मैंने 12 से 15 सेशन लिए, जिसमें मुझे यह समझाया गया कि कार्ड्स को कैसे इस्तेमाल करना है और कैसे उन्हें अपने किरदार का हिस्सा बनाना है।''
विजय वर्मा ने कहा, ''मेरा मकसद सिर्फ कार्ड्स चलाना सीखना नहीं था, बल्कि मैं चाहता था कि यह मेरे किरदार की पहचान बन जाए। दर्शकों को ऐसा लगे जैसे कार्ड्स मेरी कला का हिस्सा हैं। इस तैयारी के दौरान मैंने तकनीक सीखी। कार्ड्स के साथ सहज होना भी सीखा, जिससे मेरा अभिनय और मजबूत हो सका।''
उन्होंने कहा, ''जब कोई व्यक्ति कार्ड्स के साथ खेलता है, तो उसका पूरा ध्यान उसी पर होता है। ऐसे में एक साथ डायलॉग बोलना और अभिनय करना मेरे लिए काफी मुश्किल था।''
उदाहरण देते हुए विजय वर्मा ने कहा, ''जैसे कोई नया संगीत सीखने वाला व्यक्ति एक साथ गाना और हारमोनियम बजाना मुश्किल पाता है, वैसे ही कार्ड्स के साथ एक्टिंग करना भी चुनौतीपूर्ण था।''
उन्होंने कहा, ''मैंने इस चुनौती को पार करने के लिए कड़ी मेहनत की। शूटिंग के दौरान लगभग 10 महीने तक अपने हाथ में हमेशा कार्ड्स रखे। मैं हर दिन इस पर काम करता था, ताकि एक साथ कार्ड्स खेलते हुए अपने डायलॉग भी सही तरीके से बोल सकूं। इस मेहनत में मेरे साथ निर्देशक नागराज मंजुले भी जुड़े। हम दोनों मिलकर हर दिन यह तय करते थे कि सीन को और बेहतर कैसे बनाया जाए।''
'मटका किंग' 17 अप्रैल से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 April 2026 5:56 PM IST












