'आपको उन चीजों पर भी नजर डालनी चाहिए जो ठीक-ठाक रहीं' हार के बाद वेटोरी ने बढ़ाया एसआरएच का हौसला

आपको उन चीजों पर भी नजर डालनी चाहिए जो ठीक-ठाक रहीं हार के बाद वेटोरी ने बढ़ाया एसआरएच का हौसला
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को छह विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद एसआरएच के हेड कोच डेनियल विटोरी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए टीम के प्रदर्शन को 'थोड़ा जंग लगा हुआ, लेकिन चिंताजनक नहीं' बताया।

बेंगलुरु, 29 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को छह विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद एसआरएच के हेड कोच डेनियल विटोरी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए टीम के प्रदर्शन को 'थोड़ा जंग लगा हुआ, लेकिन चिंताजनक नहीं' बताया।

शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए, जिसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।

मैच के नतीजे पर बात करते हुए, डेनियल विटोरी ने माना कि यह उन दिनों में से एक था जिनसे कोई भी बचना चाहेगा, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नतीजे पर अटके रहने के बजाय सकारात्मक बातों पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।

विटोरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से जारी एक ड्रेसिंग रूम वीडियो में कहा, "मुझे लगता है कि आज का दिन उन दिनों में से एक है जिनसे आप बचना चाहेंगे, क्योंकि यह थोड़ी-बहुत कमजोरी दिखाता है, लेकिन आपको उन चीजों पर भी नजर डालनी चाहिए जो ठीक-ठाक रहीं और उन चीजों पर भी जो हमारे खिलाफ गईं।"

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान एसआरएच की बल्लेबाजी से खासा प्रभावित दिखे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाने के बाद भी मुश्किल हालात में 201 रनों का एक मजबूत स्कोर खड़ा करके शानदार वापसी की।

उन्होंने कहा "बल्लेबाजी के लिहाज से देखें तो, पावरप्ले की उस स्थिति से निकलकर एक बहुत अच्छे स्कोर तक पहुंचना, टीम के टॉप सात बल्लेबाजों की काबिलियत को दर्शाता है। पहले मैच में, इतने मुश्किल हालात होने के बावजूद, जिस तरह से आप सभी ने मिलकर प्रदर्शन किया, वह सचमुच काबिले-तारीफ था। ईशान और क्लासेन ने जिस तरह से उस मुश्किल दौर को संभाला, और फिर आखिर में बल्लेबाजों ने जिस तरह से हमें एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया, वह बहुत ही शानदार था।"

हालांकि, गेंदबाजी में रही कमियों को लेकर कोच ने पूरी ईमानदारी से बात करते हुए उन्होंने बताया कि गेंदबाजी के लिए बनाई गई योजनाओं को मैदान पर ठीक से लागू नहीं किया जा सका, जो कि उम्मीद से काफी कमजोर रहा।

उन्होंने कहा, "हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती यह समझना है कि गेंदबाजी करते समय हमसे कहां चूक हुई। हमने सही लेंथ पर गेंदबाजी करने और अपनी ताकत पर टिके रहने के बारे में बात की थी, लेकिन आज हम इन बातों से काफी दूर रहे।"

उन्होंने बताया कि गेंदबाजी के दौरान ऐसी बहुत ज्यादा गेंदें डाल देना, जिन पर आसानी से शॉट लगाए जा सकें, टीम को काफी भारी पड़ा। हमने 10 ऐसी फुल-लेंथ गेंदें डालीं जिन पर छक्के लगे। जब ऐसा होता है, तो आप हमेशा मैच में पिछड़ते चले जाते हैं। गेंदबाजी में संघर्ष के बावजूद, वेटोरी ने किसी एक खिलाड़ी को दोष नहीं दिया, बल्कि इसे सभी के लिए सीखने का एक सामूहिक मौका बताया। मैं इसे इस तरह नहीं दिखाना चाहता कि गेंदबाज अपना काम ठीक से नहीं कर रहे हैं। अगले मैच से पहले यह हम सभी के लिए एक चुनौती है।"

ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ अपने अगले मैच को देखते हुए, वेटोरी ने तैयारी और हालात के हिसाब से ढलने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "कोलकाता में हमारे पास दो दिन की ट्रेनिंग है, जिसमें हम अपनी गलतियों को सुधार सकते हैं, पिच को समझ सकते हैं और यह तय कर सकते हैं कि उन बल्लेबाजों के खिलाफ हमें कैसी गेंदबाजी करनी है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 March 2026 7:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story