कोहली ने आईपीएल में 'चार्टर्ड फ्लाइट' की मांग वाली रिपोर्ट पर दिया रिएक्शन
नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। एक फर्जी रिपोर्ट में कहा गया था कि विराट कोहली ने भारत से लंदन आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की मांग के साथ आईपीएल 2026 के बीच घर जाने की इच्छा जताई है। इस रिपोर्ट को दिग्गज बल्लेबाज ने हंसकर टाल दिया है।
'वर्ल्डइनलास्ट24आर्स' नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की गई इस रिपोर्ट में कहा गया था कि कोहली ने कथित तौर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) मैनेजमेंट से भारत और लंदन के बीच चार्टर्ड फ्लाइट की सुविधा मांगी है। इसके साथ कहा गया था कि आईपीएल 2026 के दौरान जब दो मुकाबलों के बीच तीन दिन से ज्यादा का अंतर होगा, तो कोहली यूके जाना चाहेंगे और अगले मैच से ठीक पहले वापस आ जाएंगे।
हालांकि, आरसीबी के पूर्व कप्तान ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज कर दिया। कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अब डिलीट हो चुकी उस पोस्ट का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते कुछ 'हंसने वाले' इमोजी भी लगाए।
ऊपर बताए गए इंस्टाग्राम हैंडल ने बताया कि कोहली के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने के बाद उनका अकाउंट क्रैश हो गया था। उन्होंने अपने एनालिटिक्स का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, "विराट कोहली की स्टोरी के बाद हमारा अकाउंट क्रैश हो गया।"
इससे पहले, कोहली ने टीम के पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के एक छोटे ग्रुप को संबोधित किया और आगामी हफ्तों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कोहली ने अपने साथियों से कहा, "हमने पिछले दो-तीन सीजन में बहुत कड़ी मेहनत की है, ताकि हम वह हासिल कर सकें जो हमने पिछले साल किया था। और अब यह और भी मुश्किल होने वाला है, क्योंकि दूसरी टीमें भी हमारे खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतरेंगी।"
आईपीएल में अब तक सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में शीर्ष पर मौजूद भारत के पूर्व कप्तान ने पहले ही दिन से पूरी तत्परता पर जोर देते हुए कहा, "हम इन दिनों को बर्बाद नहीं करेंगे। हम सबसे आगे रहेंगे। इसलिए, अब पूरी तरह से तैयार हो जाओ। हम जिस भी सेशन का हिस्सा हैं, उसका एक भी मिनट बर्बाद नहीं करेंगे। हमें इन ढाई महीनों में अपना 120 प्रतिशत देना होगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 3:43 PM IST












