कोल्हापुर सीएम फडणवीस और उपमुख्यमंत्री ने डीवाई पाटिल को दी श्रद्धांजलि, निधन को बताया व्यक्तिगत क्षति
कोल्हापुर, 9 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कोल्हापुर पहुंचकर डीवाई पाटिल को श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने डीवाई पाटिल को एक सधे हुए नेता बताया और कहा कि वह हमेशा अपने राज्य और लोगों से जुड़े रहे।
कोल्हापुर में मुख्यमंत्री फडणवीस ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि डीवाई पाटिल दादा पिछली पीढ़ी के बहुत सधे हुए नेता थे। शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य हम सभी देख सकते हैं। उनके कार्यों से आज हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने एक नेता के तौर पर अच्छा काम किया, साथ ही तीन राज्यों के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी संभाली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीवाई पाटिल ने हर जिम्मेदारी में अपनी छाप छोड़ी है। जब वह राज्यपाल थे, तब भी वह अपने लोगों और राज्य से जुड़े हुए थे। उन्होंने अपनों को कभी नहीं छोड़ा। उनसे जब भी बात करने का मौका मिलता था, तो मैं उनके विचारों से प्रभावित होता था।
मुख्यमंत्री ने अपने इस दौरे को लेकर सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र में राजनीति, समाज सेवा, शिक्षा और सहकारी क्षेत्रों में अमिट छाप छोड़ने वाले तथा त्रिपुरा, बिहार और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल रहे पद्मश्री डॉ. डी. वाई. पाटिल का हाल ही में निधन हो गया। आज कोल्हापुर स्थित उनके आवास पर जाकर मैंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और पाटिल परिवार को सांत्वना दी।
उन्होंने आगे लिखा कि स्वर्गीय डॉ. डीवाई पाटिल के साथ हुई हर बातचीत गहरे विचारों से समृद्ध होती थी। उनका मार्गदर्शन और उनसे जुड़ी अनगिनत यादें हमेशा मेरे दिल में रहेंगी। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है और इससे पैदा हुई रिक्तता कभी नहीं भरी जा सकेगी। स्वर्गीय डॉ. डीवाई पाटिल को भावभीनी श्रद्धांजलि!
बता दें कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भी डीवाई पाटिल के परिजनों से मिलने उनके घर कोल्हापुर पहुंचीं। उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज कोल्हापुर में मैंने कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के आवास पर जाकर उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। वरिष्ठ शिक्षाविद्, पूर्व राज्यपाल और डीवाई पाटिल समूह के संस्थापक पद्मश्री डॉ. ज्ञानदेव यशवंतराव उर्फ डीवाई पाटिल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने लिखा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और समाज सेवा के क्षेत्रों में उनका महत्वपूर्ण योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। शिक्षा के माध्यम से सामाजिक प्रगति के लिए उन्होंने जो कार्य किए, वे प्रेरणादायक और मार्गदर्शक हैं। इस दुखद घड़ी में पाटिल परिवार के दुख में सहभागी होते हुए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्हें इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Aug 2026 5:54 PM IST












