कोरबा में सड़क हादसा, स्कूटी और बाइक टक्कर के बाद दो लोगों की मौत

कोरबा, 4 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा में बुधवार सुबह सड़क हादसा हो गया। कुसमुंडा के गेवरा-टीपर मार्ग पर स्कूटी और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार ट्रेलर की चपेट में आ गए।
हादसे में बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जबकि स्कूटी सवार युवती की भी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि रेलवे अंडरब्रिज मरम्मत के लिए बंद होने से भारी वाहनों का दबाव टीपर मार्ग पर बढ़ गया था। इसी वजह से इस वैकल्पिक मार्ग पर यातायात काफी ज्यादा था। हादसे के बाद वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान की कोशिश कर रही है।
बता दें कि इससे पहले रविवार देर रात भी एक भीषण सड़क हादसा हो गया था। उत्तर प्रदेश के हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारुडीह गांव के पास एक वैन के ट्रेलर से टकराने से छह लोगों की मौत हो गई थी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। मृतकों में से पांच लोग एक ही परिवार के थे, जो एक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया था कि रविवार रात को आठ लोग एक ओमनी वैन में सवार होकर तिलक समारोह में शामिल होने के बाद हाटा से कप्तानगंज स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हाटा इलाके में वैन अहीराउली की तरफ से हाटा आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। वैन में सवार आठ लोगों में से छह की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो घायलों को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
उन्होंने कहा था कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिवारों को इस घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और आगे की जांच चल रही है।
मृतकों के एक रिश्तेदार ने आईएएनएस को बताया था कि 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 घायलों को इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद हमें शव सौंप दिए जाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
