क्यों लोग बनाते हैं एक-दूसरे को 'अप्रैल फूल'? जानिए कैसे हुई इसकी शुरुआत
नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। हर साल 1 अप्रैल आते ही लोग अपने दोस्तों, परिवार और कभी-कभी अजनबियों को भी हंसाने-फंसाने में लग जाते हैं। किसी को नकली खबर भेज देते हैं, किसी के बैग में मजाकिया चीज रख देते हैं या कुछ और करते हैं और फिर देखते हैं कि सामने वाला कैसे हंसता या गुस्सा होता है। यही है अप्रैल फूल्स डे, एक ऐसा दिन जब दुनिया थोड़ी हल्की-फुल्की हो जाती है।
इस दिन के पीछे एक लंबा इतिहास है। कहा जाता है कि इसकी शुरुआत 16वीं सदी के फ्रांस से हुई थी, जब 1582 में काउंसिल ऑफ ट्रेंट द्वारा 1563 में की गई सिफारिश पर फ्रांस ने जूलियन कैलेंडर से ग्रेगोरियन कैलेंडर को अपना लिया था।
जूलियन कैलेंडर में नया साल अप्रैल के आस-पास शुरू होता था, लेकिन ग्रेगोरियन कैलेंडर में नए साल की शुरुआत 1 जनवरी से होती है। जिन लोगों को इस बात की खबर नहीं थी, वो लोग 1 अप्रैल को ही न्यू ईयर मनाते रहे, जिस वजह से उन्हें मजाक में 'अप्रैल फूल' कहा जाने लगा। धीरे-धीरे यह परंपरा बन गई, जो लोग पीछे रह जाते, उन्हें झूठ-मजाक में फंसाना और उन्हें 'अप्रैल फूल' कहकर चिढ़ाना। मजेदार बात यह है कि कभी-कभी उन पर कागज की मछली चिपका देते थे। मछली का मतलब था, आसानी से फंसने वाला शिकार।
यही परंपरा धीरे-धीरे यूरोप और फिर बाकी दुनिया में फैल गई। अब यह सिर्फ मजाक का दिन बन गया, जब कोई भी किसी को झूठ-मजाक या हल्के प्रैंक से हंसाने की कोशिश करता है। काम या स्कूल-कॉलेज से छुट्टी न मिले, लेकिन इस दिन का माहौल इतना हल्का और मजेदार होता है कि हर कोई इसका हिस्सा बनना चाहता है।
भारत में अप्रैल फूल्स डे की शुरुआत अंग्रेजों के समय में हुई और अब यह काफी पॉपुलर हो चुका है। दोस्तों के बीच मैसेज भेजकर फंसाना, सोशल मीडिया पर प्रैंक वीडियो डालना, या ऑफिस में हल्के-फुल्के मजाक करना, सब इस दिन के हिस्से हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 5:33 PM IST












