ला लीगा बार्सिलोना ने सेविला को 5-2 से हराया, राफिन्हा ने दागे 3 गोल

ला लीगा बार्सिलोना ने सेविला को 5-2 से हराया, राफिन्हा ने दागे 3 गोल
ब्राजीलियाई विंगर राफिन्हा की शानदार हैट्रिक की बदौलत बार्सिलोना ने सेविला को 5-2 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में शीर्ष स्थान पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।

मैड्रिड, 16 मार्च (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई विंगर राफिन्हा की शानदार हैट्रिक की बदौलत बार्सिलोना ने सेविला को 5-2 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में शीर्ष स्थान पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।

बार्सिलोना के कोच हंसी फ्लिक ने आगामी चैंपियंस लीग मुकाबले को ध्यान में रखते हुए युवा स्टार लैमिन यामल और फर्मिन लोपेज को मैच में नहीं उतारा था। इसके बावजूद बार्सिलोना ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया और आक्रामक खेल दिखाया।

मैच के सातवें मिनट में ही बार्सिलोना को पहली पेनल्टी मिल गई, जब सेविला के डिफेंडर ने पेनल्टी बॉक्स के अंदर जोआओ कैंसेलो की शर्ट खींच ली। राफिन्हा ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। कुछ ही देर बाद कैंसेलो के बॉक्स में शानदार रन के दौरान सेविला के खिलाड़ी से हैंडबॉल हो गया, जिसके बाद मिली दूसरी पेनल्टी को भी राफिन्हा ने गोल में बदल दिया और स्कोर 2-0 कर दिया।

पहले हाफ के 38वें मिनट में डैनी ओल्मो ने मार्क बर्नाल की सहायता से बार्सिलोना का तीसरा गोल किया। हालांकि इंजरी टाइम में सेविला के खिलाड़ी ओसो ने एक गोल करके अंतर थोड़ा कम कर दिया और हाफटाइम तक स्कोर 3-1 रहा।

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही राफिन्हा ने अपना तीसरा गोल करते हुए हैट्रिक पूरी कर ली और टीम की बढ़त 4-1 कर दी। इसके बाद जोआओ कैंसेलो ने शानदार प्रयास करते हुए बॉक्स के अंदर से बार्सिलोना का पांचवां गोल दागा।

मैच के अंतिम क्षणों में सेविला के जिब्रिल सो ने हेडर के जरिए टीम का दूसरा गोल किया, लेकिन तब तक मैच में उनकी हार तय हो चुकी थी। बार्सिलोना ने 5-2 से शानदार जीत हासिल की।

ला लीगा के अन्य मुकाबलों में रियल सोसिएदाद ने ओसासुना को 3-1 से हराया। मिकेल ओयारजाबाल ने पेनल्टी से गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि बेनाट टुरिएंटेस और गोंकालो गुएडेस ने भी गोल किए। ओसासुना के लिए विक्टर मुनोज ने एक गोल किया।

मैलोर्का ने भी शानदार वापसी करते हुए एस्पेनयोल को 2-1 से हराकर रेलीगेशन जोन से बाहर निकलने में सफलता हासिल की।

ला लीगा में शीर्ष स्थान की दौड़ और भी दिलचस्प हो गई है। बार्सिलोना फिलहाल चार अंकों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 9:39 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story