लद्दाख लेह एयरपोर्ट पर 21.02 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
लेह, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। लद्दाख के लेह में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 21.02 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि लद्दाख में हेरोइन की यह बरामदगी अब तक की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस स्टेशन लेह को एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली थी कि जिगमेट चोसग्याल (21) निवासी चुमाथांग तथा वर्तमान में पुलिस कॉलोनी, चोगलमसर में रह रहा है, इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान से दिल्ली से लेह पहुंच रहा है और उसके पास बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मौजूद है।
आरोपी ने हेरोइन को अपने निजी कैरी बैग में कपड़ों और अन्य सामान के बीच छिपा रखा था। पुलिस को आशंका थी कि वह लेह में ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री करने की योजना बना रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान केबीआर एयरपोर्ट के बाहर आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से करीब 21.02 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से दी।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ चंडीगढ़ के नयागांव क्षेत्र से प्राप्त किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 7:05 PM IST












