लंका प्रीमियर लीग कुसल मेंडिस बाकी मैचों से बाहर, कोलंबो कैप्स के नए कप्तान बने कामिंडू मेंडिस
नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2026 में कोलंबो कैप्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस दाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह कामिंडू मेंडिस टीम का कप्तान बनाया गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने इसकी पुष्टि की है।
कुसल मेंडिस को चोट कैंडी रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी। कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेले गए इस मैच में रन लेने की कोशिश करते समय उन्हें दाएं हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई। इसके बाद मेडिकल जांच में चोट की पुष्टि हुई। चोट की पुष्टि के बाद मेंडिस को टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर कर दिया गया।
श्रीलंका क्रिकेट ने अपने आधिकारिक बयान में बताया, "कुसल मेंडिस अब अपना रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम शुरू करने के लिए नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर लौटेंगे। फिलहाल उनकी चोट कितनी गंभीर है और वह मैदान पर कब वापसी करेंगे, इस बारे में कोई समय-सीमा घोषित नहीं की गई है।"
कुसल मेंडिस की चोट सिर्फ कोलंबो कैप्स ही नहीं, बल्कि श्रीलंका की राष्ट्रीय टीम के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है। श्रीलंका को 15 अगस्त से भारत के खिलाफ दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। मेंडिस टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं और विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। इसलिए उनकी फिटनेस राष्ट्रीय टीम के लिए भी चिंता का विषय है।
कुसल मेंडिस की फॉर्म पिछले कुछ समय से शानदार रही है। एलपीएल के पहले मुकाबले में उन्होंने गाले गैलेंट्स के खिलाफ 53 गेंदों में 79 रन की दमदार पारी खेली थी। इससे पहले पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 11 पारियों में 550 रन बनाए थे।
श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए भी मेंडिस का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। इस वर्ष की 14 टी20 पारियों में वह 408 रन बना चुके हैं। वहीं इस साल खेले चार वनडे मैचों में उन्होंने 211 रन बनाए हैं।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट चाहेगी कि वे भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज से पहले पूरी तरह फिट हो जाएं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 9:43 PM IST












